Hathras Kand: हाथरस में हुए दर्दनाक हादसे के बाद से भोले बाबा उर्फ सूरजपाल जाटव फरार है। पुलिस ने बाबा के सेवादारों और आयोजकों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है। बाबा (Hathras Kand) के भक्त हादसे के लिए भीड़ को जिम्मेदार ठहरा रहे हैं।
इस बीच, बाबा के आश्रम में रहने वाले रंजीत सिंह नामक चश्मदीद ने चौंकाने वाले खुलासे किए हैं। रंजीत का कहना है कि बाबा के पास कोई असली शक्ति नहीं है, बल्कि वह इसका ढोंग करता है।
शराब का आदि था भोले बाबा
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, रंजीत ने बताया कि बाबा शराब और अन्य अनुचित आदतों का आदी है और उसके आश्रम में 16-17 साल की लड़कियां भी हैं, जिन्हें वह अपनी शिष्या बताता है। रंजीत का आरोप है कि बाबा इन लड़कियों से गलत काम करवाता है। उन्होंने यह भी बताया कि बाबा ने सत्संग और चमत्कारी शक्तियों का ढोंग रचकर लोगों को अंधविश्वास में फंसाया।
बाबा पर आरोप, लड़कियों से करवाता था गलत काम
रंजीत सिंह ने बताया कि वह बाबा के गांव से ही हैं और उनके पिता भी बाबा के आश्रम में 15 साल रहे हैं। सूरजपाल जाटव ने पुलिस की नौकरी छोड़ने के बाद सत्संग का ढोंग रचाकर एजेंट तैयार किए, जो लोगों को उसकी शक्तियों का बखान करके फंसाते थे।
यह भी पढ़े: UP News: बुलंदशहर में भारी बारिश से ढहा मकान, बाल-बाल बचा परिवार
रंजीत ने बताया कि एजेंटों को बाबा पैसे देता था और वह कभी ऊंगली से चक्र घुमाने तो कभी हाथ में त्रिशूल दिखाने की बात करके जनता को भ्रमित करता था। धीरे-धीरे उसने अपने एजेंटों को अन्य राज्यों में भी भेजना शुरू किया और फिर सत्संग करने लगा।
यह बाबा नहीं, पाखंडी है- रंजीत सिंह
रंजीत सिंह ने आगे कहा कि यह बाबा नहीं, पाखंडी है। उन्होंने कहा कि बहादुरनगर में कई लोगों की मौत हुई थी और उनके शवों का कोई पता नहीं लगा है। रंजीत ने बताया कि जब बाबा को लगा कि वह फंस सकता है, तो उसने अपना आश्रम भी शिफ्ट कर लिया। उन्होंने कहा कि बाबा ने गांव में अवैध कब्जा किया हुआ है। उसकी पत्नी और कई बड़े लोग भी उसके इस षड्यंत्र में शामिल हैं।























