Uttar Pradesh: उत्तर प्रदेश में लोकसभा चुनाव के परिणामों के बाद से आईएएस और आईपीएस अधिकारियों के तबादले हो रहे हैं। अब मुख्य सचिव का भी बदलाव किया गया है। उत्तर प्रदेश सरकार ने मनोज कुमार सिंह को मुख्य सचिव नियुक्त किया है। उन्होंने ग्लोबल इंवेस्टर्स समिट 2023 में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी।
सरकार की ओर से इसका आदेश भी जारी कर दिया गया है। पहले से यह चर्चा थी कि मनोज कुमार सिंह को ही मुख्य सचिव का पद सौंपा जाएगा, और अब इसकी आधिकारिक घोषणा हो चुकी है।
पूर्व मुख्य सचिव का कार्यकाल हुआ समाप्त
पूर्व मुख्य सचिव दुर्गा शंकर मिश्रा का कार्यकाल समाप्त हो चुका था। दिसंबर 2023 में उनके कार्यकाल की समाप्ति के समय, लोकसभा चुनावों को ध्यान में रखते हुए, उन्हें छह महीने का सेवा विस्तार दिया गया था। दुर्गा शंकर मिश्रा को चौथी बार सेवा विस्तार नहीं दिया गया है।
उनके कार्यकाल के समाप्त होने पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ (Uttar Pradesh) ने यह निर्णय लिया है। नए मुख्य सचिव मनोज कुमार सिंह मुख्य सचिव और आईआईडीसी दोनों के पद संभालेंगे। वर्तमान में उनके पास पंचायती राज विभाग, उद्यानिकी एवं खाद्य प्रसंस्करण सहित 6 से ज्यादा विभागों और संस्थाओं की जिम्मेदारी है।
कौन है मनोज कुमार सिंह?
मनोज कुमार सिंह 1988 बैच के आईएएस अधिकारी हैं और अब उत्तर प्रदेश के नए मुख्य सचिव का पद संभालेंगे। मूलतः बिहार राज्य के रहने वाले मनोज कुमार सिंह मुख्यमंत्री योगी के सबसे विश्वसनीय अफसर माने जाते हैं। वरिष्ठ आईएएस अधिकारी मनोज कुमार सिंह के पास इस समय कई महत्वपूर्ण विभागों की जिम्मेदारी है।
शासन की कई योजनाओं को जमीन पर उतारने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही है। उन्होंने ग्लोबल इंवेस्टर्स समिट 2023 में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी और उन्हें उनके कार्यों के लिए कई बार सम्मानित भी किया जा चुका है।