IPL Final Prize Money and Cap Race: इंडियन प्रीमियर लीग 2026 अपने अंतिम पड़ाव पर पहुंच चुका है। फाइनल मुकाबले में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और गुजरात टाइटंस आमने-सामने होंगी। इस बड़े मैच के बाद सिर्फ चैंपियन टीम ही नहीं, बल्कि पूरे सीजन में शानदार प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को भी सम्मानित किया जाएगा।
फाइनल के बाद पुरस्कारों की बारिश होगी और सबसे ज्यादा चर्चा ऑरेंज कैप तथा पर्पल कैप को लेकर है। क्रिकेट प्रशंसक यह जानने के लिए उत्सुक हैं कि इस सीजन के सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज और गेंदबाज का खिताब किसे मिलेगा।
ऑरेंज कैप की दौड़ में आगे वैभव
आईपीएल में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज को ऑरेंज कैप दी जाती है। इसके साथ विजेता खिलाड़ी को 10 लाख रुपये की पुरस्कार राशि भी मिलती है। इस सीजन राजस्थान रॉयल्स के युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी सबसे आगे चल रहे हैं। 15 साल के इस बल्लेबाज ने पूरे टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन करते हुए 776 रन बनाए हैं। उनकी विस्फोटक बल्लेबाजी ने क्रिकेट जगत को प्रभावित किया है।
हालांकि गुजरात टाइटंस के कप्तान शुभमन गिल और टीम के स्टार बल्लेबाज साई सुदर्शन अब भी इस दौड़ में बने हुए हैं। गिल के नाम 722 रन और साई सुदर्शन के खाते में 710 रन दर्ज हैं। फाइनल मुकाबले में बड़ी पारी खेलकर दोनों खिलाड़ी वैभव को पीछे छोड़ सकते हैं।
वैभव ने बनाया नया रिकॉर्ड
वैभव सूर्यवंशी का यह सीजन बेहद यादगार रहा है। उन्होंने सिर्फ रन ही नहीं बनाए, बल्कि आक्रामक बल्लेबाजी का शानदार नमूना भी पेश किया। पूरे टूर्नामेंट में उनके बल्ले से 72 छक्के निकले। इस उपलब्धि के साथ उन्होंने एक आईपीएल सीजन में सबसे ज्यादा छक्के लगाने का रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया। उन्होंने क्रिस गेल के 59 छक्कों के पुराने रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया।
पर्पल कैप के लिए कड़ा मुकाबला
आईपीएल में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज को पर्पल कैप दी जाती है। इस पुरस्कार के साथ 10 लाख रुपये की नकद राशि भी दी जाती है। फिलहाल गुजरात टाइटंस के तेज गेंदबाज कैगिसो रबाडा 28 विकेट लेकर इस सूची में सबसे ऊपर हैं। उनकी लगातार शानदार गेंदबाजी ने टीम को फाइनल तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई है। दूसरी ओर रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के अनुभवी तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार भी रेस में बने हुए हैं। यदि वह फाइनल में तीन विकेट हासिल कर लेते हैं, तो पर्पल कैप उनके नाम हो सकती है।
फाइनल में होगा बड़ा फैसला
दिलचस्प बात यह है कि कैगिसो रबाडा और भुवनेश्वर कुमार दोनों फाइनल मुकाबले में खेलेंगे। ऐसे में पर्पल कैप की जंग आखिरी गेंद तक देखने को मिल सकती है। फाइनल मुकाबला सिर्फ ट्रॉफी जीतने के लिए ही नहीं, बल्कि व्यक्तिगत उपलब्धियों के लिए भी बेहद खास रहने वाला है। क्रिकेट प्रेमियों की नजर अब इस बात पर होगी कि ऑरेंज कैप और पर्पल कैप आखिर किस खिलाड़ी के सिर सजती है।









