Cricket Australia: साल 2018 के बॉल-टैंपरिंग विवाद की दोबारा जांच के लिए क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने एक गोपनीय फोरम बनाने का फैसला किया है। हालांकि, उस्मान ख्वाजा और डेविड वार्नर इस फैसले से खुश नहीं हैं। दोनों खिलाड़ियों ने जांच में पूरी पारदर्शिता रखने की मांग की है।
ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट में साल 2018 का बॉल-टैंपरिंग विवाद एक बार फिर चर्चा में आ गया है। पूर्व ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ी उस्मान ख्वाजा और डेविड वार्नर ने क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया (CA) के नए फैसले पर सवाल उठाए हैं। दरअसल, क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने इस पुराने मामले की दोबारा जांच के लिए एक गोपनीय स्वतंत्र फोरम बनाने का फैसला किया है।
दोनों खिलाड़ियों का कहना है कि इस तरह बंद कमरे में होने वाली जांच से पूरी सच्चाई सामने आना मुश्किल हो सकता है। उन्होंने सवाल किया है कि क्या इस प्रक्रिया से लोगों को सच पता चलेगा या मामला फिर से उलझकर रह जाएगा। उनका मानना है कि क्रिकेट प्रशंसकों को इस विवाद की पूरी जानकारी मिलने का अधिकार है।
नई किताब के खुलासे के बाद दोबारा शुरू हुई चर्चा
क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने बोर्ड की बैठक के बाद इस नए फोरम की जानकारी दी। इसके पीछे एक पूर्व ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज की आत्मकथा ‘सबर’ में किए गए खुलासे को अहम वजह माना जा रहा है।
इस किताब में दावा किया गया है कि केप टाउन टेस्ट के दौरान गेंद से छेड़छाड़ की योजना के बारे में कई लोगों को जानकारी थी। यह दावा उस पुरानी बात से अलग है, जिसमें कहा गया था कि इस मामले में सिर्फ स्टीव स्मिथ, डेविड वार्नर और कैमरन बैनक्रॉफ्ट शामिल थे।
इसके अलावा उस्मान ख्वाजा ने आरोप लगाया कि इससे पहले खेले गए एक टेस्ट मैच में भी सैंडपेपर का इस्तेमाल हुआ था। उन्होंने 2017/18 की घरेलू एशेज सीरीज के दौरान भी गेंद से छेड़छाड़ किए जाने की बात कही है।
क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने क्या कहा?
क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया के मुख्य कार्यकारी अधिकारी टॉड ग्रीनबर्ग ने बताया कि इस मामले में लोगों के बयान गोपनीय तरीके से लिए जाएंगे। उन्होंने साफ किया कि बोर्ड पहले हुई जांच को दोबारा शुरू नहीं कर रहा है, बल्कि सामने आई नई जानकारियों को समझने की कोशिश कर रहा है।
हालांकि, इस प्रक्रिया को लेकर सबसे बड़ा सवाल यह है कि जांच से जुड़ी कौन-सी जानकारी जनता के सामने रखी जाएगी। इसका फैसला करने का अधिकार क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया के पास ही रहेगा। इसी बात पर ख्वाजा और वार्नर ने आपत्ति जताई है।
ख्वाजा ने जांच की पारदर्शिता पर उठाए सवाल
उस्मान ख्वाजा ने कहा कि अगर क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया अपनी मर्जी से तय करेगा कि कौन-सी जानकारी सार्वजनिक करनी है, तो इस जांच की सच्चाई पर भरोसा कैसे किया जा सकता है? उन्होंने सवाल उठाया, “यह लोगों ने जो कहा है उसे प्रस्तुत करने का वास्तविक तरीका कैसे है?”
ख्वाजा ने यह चिंता भी जताई कि क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया के कुछ पूर्व कर्मचारी गोपनीयता समझौतों से बंधे हो सकते हैं। ऐसी स्थिति में उनके लिए जांच के दौरान खुलकर अपनी बात रखना मुश्किल हो सकता है।
वार्नर ने भी की जवाबदेही की मांग
डेविड वार्नर ने भी इस मामले में अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि उनकी मांग किसी सजा को कम करवाने की नहीं, बल्कि पूरी पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने की है।
गौरतलब है कि 2018 के बॉल-टैंपरिंग विवाद के बाद डेविड वार्नर और स्टीव स्मिथ पर 12 महीने का प्रतिबंध लगाया गया था।
दोनों खिलाड़ियों का मानना है कि इस पुराने विवाद का सही समाधान तभी निकल सकता है, जब क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया पूरी जानकारी जनता के सामने रखे। उनके अनुसार, बंद दरवाजों के पीछे होने वाली जांच से क्रिकेट प्रशंसकों का भरोसा वापस जीतना आसान नहीं होगा।


















