रायपुर ऑनलाइन डेस्क। छत्तीसगढ़ में सीएम विष्णुदेव साय की सरकार आने के बाद सुरक्षाबलों के मोआवाद के खिलाफ जबरदस्त ऑपरेशन चलाया हुआ है। 6 माह के दौरान 220 से अधिक नक्सली एनकाउंटर में मारे तो वहीं 1000 से ज्यादा ने पुलिस के सामने सरेंडर कर दिया। ताजा एनकाउंटर सुकमा जिले के थाना भेज्जी इलाके में सामने आया। यहां सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ हुई। मुठभेड़ में 10 नक्सली मारे गए। कई घायल भी हुए हैं। सुरक्षाबलों ने मौके से तीन ऑटोमैटिक रायफल और अन्य हथियार बरामद किए हैं।
डीआरजी के साथ हुआ एनकाउंटर
सुकमा जिले के थाना भेज्जी इलाके के कोराजुगुड़ा, दंतेसपुरम, नागाराम, भंडारपदर के जंगलों में सुरक्षाबल के जवान सर्च ऑपरेशन चलाए हुए थे। सर्च ऑपरेशन के दौरान नक्सलियों ने जवानों पर हमला कर दिया। जवानों ने भी जवाबी कार्रवाई की। दोनों ओर से काफी देर तक गोलीबारी हुई। जवानों ने पूरे इलाके की घेरांबदी कर ली और तेजी से फायरिंग करते हुए आगे बढ़े। इस दौरान जवानों ने 10 नक्सलियों के शव बरामद कर लिए। इस ऑपरेशन को प्रदेश की डीआरजी ने अंजाम दिया।
जवाबी कार्रवाई में मारे गए 10 नक्सली
डीआरजी को सूचना मिली थी कि नक्सली ओडीशा के रास्ते छत्तीसगढ़ में प्रवेश कर रहे हैं। डीआरजी की टीम नक्सलियों की घेराबंदी की और उन्हें सरेंडर करने को कहा। पर नक्सलियों ने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में 10 नक्सली मारे गए। बताया जा रहा है कि दो दर्जन से अधिक नक्सली जवानों की गोली से घायल भी हुए हैं। साथ ही कई ऑटौमैटिक हथियार भी मिले हैं। बस्तर आईजी पी सुंदरराज ने की मुठभेड़ की पुष्टि करते हुए बताया कि दक्षिणी सुकमा में डीजीआर के साथ मुठभेड़ में 10 नक्सली मारे गए हैं। हथियार भी बरामद किए गए हैं।
कुछ इस तरह से बोले सीएम साय
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, अपने अदम्य साहस का परिचय देते हुए सुरक्षाबल के जवानों ने आज सुबह सुकमा जिले में नक्सलियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए मुठभेड़ में 10 नक्सलियों को मार गिराया है। जवानों को मिली यह सफलता सराहनीय है। नक्सलियों के खिलाफ हमारी सरकार जीरो टॉलरेंस की नीति पर कार्य करते हुए मजबूती के साथ लड़ाई लड़ रही है। बस्तर में विकास, शांति और सुरक्षा सुनिश्चित करना हमारी सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
अब तक 220 से अधिक नक्सली ढेर
बता दें कि इससे पहले दक्षिण बस्तर, गरियाबंद और कांकेर में भी सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ हुई थी। छत्तीसगढ़ के अबूझमाड़ जंगल में बीते 16 नवंबर को नक्सल-पुलिस के बीच मुठभेड़ हो गई थी। इस दौरान पांच नक्सली मारे गए थे और शव बरामद किए गए थे। इसमें 40 लाख के इनामी नक्सलियों को सुरक्षाबलों ने ढेर कर दिया है। सभी नक्सलियों आठ-आठ लाख का इनाम घोषित था। प्रदेश में विष्णुदेव साय की सरकार आने के बाद अब तक 220 से ज्यादा नक्सली मारे जा चुके हैं।