Site icon News1India

Ankit Baliyan Murder: धमकियों के बाद हरियाणवी सिंगर अंकित बालियान की गोली मारकर हत्या

Ankit Baliyan Murder: शामली में बुधवार शाम हरियाणवी म्यूजिक इंडस्ट्री के चर्चित सिंगर अंकित बालियान की गोली मारकर हत्या कर दी गई। वारदात कोतवाली क्षेत्र के आर्यपुरी में नाला पटरी स्थित मसल्स जिम के बाहर हुई। बताया गया कि शाम करीब 6:48 बजे अंकित जिम से बाहर निकलकर अपनी स्कॉर्पियो में बैठने जा रहे थे। तभी बाइक सवार चार बदमाश वहां पहुंचे और उन पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसा दीं। करीब 20 राउंड फायरिंग की बात सामने आई है।

रंगदारी की धमकी से जुड़ रहा मामला

अंकित के पिता और अन्य स्वजन ने धरने के दौरान आरोप लगाया कि करीब छह महीने पहले अंकित से रंगदारी मांगी गई थी। साथी सिंगरों के साथ विवाद के बाद उन्हें धमकियां मिलने की बात भी सामने आई थी। हालांकि, उस समय अंकित ने पुलिस में कोई शिकायत दर्ज नहीं कराई थी। करीब डेढ़ महीने पहले उन्होंने इंस्टाग्राम लाइव के दौरान भी धमकियों और रंगदारी की मांग का जिक्र किया था।

मोबाइल की दुकान से सिंगिंग तक का सफर

बाबरी क्षेत्र के गांव बंतीखेड़ा निवासी अंकित बालियान ने अपने करियर की शुरुआत गांव में मोबाइल फोन की दुकान चलाकर की थी। वर्ष 2016 में वह दिल्ली गए और स्पोर्ट्स में बीपीएड की पढ़ाई पूरी की। इसके बाद वर्ष 2018 से सोनीपत में रहकर गायकी शुरू की। उनके हरियाणवी गाने युवाओं के बीच लोकप्रिय हुए और उन्हें म्यूजिक इंडस्ट्री में पहचान मिली।

कबड्डी खिलाड़ी भी रहे थे अंकित

अंकित उत्तर प्रदेश स्तर के कबड्डी खिलाड़ी भी रह चुके थे। पैर में फ्रैक्चर होने के बाद उन्होंने खेल छोड़ दिया और संगीत की दुनिया में आगे बढ़े। बताया जा रहा है कि उनके करीब 20 गाने जल्द रिलीज होने वाले थे। चार भाई-बहनों में तीसरे नंबर के अंकित की पत्नी शिक्षिका हैं। उनके पिता सत्यवीर सिंह सेना से सेवानिवृत्त हैं। हत्या के बाद पैतृक गांव में शोक का माहौल है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

 

Exit mobile version