Class 12 student murder in Shamli:गांव इस्सोपुर टील में रविवार को दिनदहाड़े 12वीं कक्षा के छात्र अरशद (18) की हत्या से इलाके में सनसनी फैल गई। आरोप है कि आपसी विवाद के चलते उसके ही सहपाठी दोस्तों ने उसे घर से बुलाकर चाकू से हमला कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। पुलिस ने मौके से एक तमंचा बरामद किया है और एक आरोपी छात्र को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।
समोसा खाने के बहाने घर से बुलाया
मृतक अरशद गांव इस्सोपुर टील निवासी सलीम का पुत्र था और मुरली मनोहर इंटर कॉलेज में 12वीं का छात्र था। परिजनों के अनुसार, रविवार को अरशद अपनी मां इमराना के साथ कैराना से खरीदारी कर करीब ढाई बजे घर लौटा था। करीब तीन बजे उसके दोस्त विराट उर्फ चिंटू ने फोन कर समोसा खाने के बहाने उसे घर से बाहर बुला लिया। कुछ ही देर बाद सूचना मिली कि गांव के बाहर इस्सोपुर–बोहड्डा मार्ग पर अरशद पर हमला किया गया है।
मौके से फरार हुए आरोपी
परिजन जब तक मौके पर पहुंचे, तब तक आरोपी फरार हो चुके थे। पुलिस के अनुसार अरशद के पेट और छाती पर चाकू के घाव मिले। एसपी ने स्पष्ट किया कि हत्या में तमंचे का इस्तेमाल नहीं हुआ, हालांकि एक आरोपी के पास तमंचा लाने की बात सामने आई है। चारों आरोपी छात्र बताए जा रहे हैं, जिनकी उम्र करीब 18 वर्ष है।
बहन का आरोप: समय पर इलाज नहीं मिला
मृतक की बहन महविश ने रोते हुए बताया कि अरशद सड़क पर काफी देर तक तड़पता रहा और सांसें चल रही थीं, लेकिन कोई भी उसे समय पर अस्पताल नहीं ले गया। पुलिस के पहुंचने और अस्पताल ले जाने तक उसकी मौत हो चुकी थी। परिवार की आर्थिक स्थिति कमजोर बताई जा रही है, पिता सलीम मजदूरी करते हैं।
पुलिस जांच और कार्रवाई
कांधला थाना प्रभारी ने पीआरवी 112 की मदद से अरशद को सीएचसी कांधला भेजा, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। एसपी नरेंद्र प्रताप सिंह, एएसपी सुमित शुक्ला और सीओ कैराना हेमंत कुमार ने मौके का निरीक्षण किया। फोरेंसिक टीम ने साक्ष्य जुटाए। मृतक के पिता की तहरीर पर विराट, हिमांशु, कार्तिक और मिलन के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। विराट को हिरासत में लेकर पूछताछ जारी है।
कॉलेज विवाद की आशंका
पुलिस के मुताबिक पूछताछ में सामने आया है कि अरशद और हिमांशु के बीच दो दिन पहले कॉलेज में विवाद हुआ था, जो किसी लड़की को लेकर होने की आशंका है। मामले की गहन जांच चल रही है।
सपा विधायक ने की गिरफ्तारी की मांग
कैराना विधायक नाहिद हसन पीड़ित परिवार के साथ थाने पहुंचे और एसपी से मुलाकात कर आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की। उन्होंने परिवार को हरसंभव मदद का आश्वासन दिया।




