भीमराव आंबेडकर जयंती पर दिल्ली-नोएडा में ट्रैफिक अलर्ट, कई मार्गों पर डायवर्जन, पुलिस ने जारी की एडवाइजरी

भीमराव आंबेडकर जयंती पर दिल्ली-नोएडा में बड़े कार्यक्रमों के चलते ट्रैफिक पर भारी असर, कई रूट डायवर्ट। पुलिस ने एडवाइजरी जारी कर लोगों से वैकल्पिक मार्ग अपनाने और घर से निकलने से पहले योजना बनाने की अपील की।

Ambedkar Jayanti traffic advisory Delhi Noida

 Traffic Advisory:दिल्ली और नोएडा में 14 अप्रैल, मंगलवार को भीमराव आंबेडकर जयंती के अवसर पर बड़े पैमाने पर कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इन आयोजनों के कारण सुबह से शाम तक कई प्रमुख मार्गों पर ट्रैफिक जाम की स्थिति बन सकती है। इसे देखते हुए दिल्ली ट्रैफिक पुलिस और गौतमबुद्धनगर ट्रैफिक पुलिस ने एडवाइजरी जारी की है।

नोएडा में ट्रैफिक डायवर्जन

नोएडा के दलित प्रेरणा स्थल पर मुख्य कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है, जिसके चलते आसपास के इलाकों में ट्रैफिक डायवर्जन लागू किया गया है। ग्रेटर नोएडा से नोएडा आने वाले वाहनों की संख्या बढ़ने पर महामाया फ्लाईओवर से ट्रैफिक को सेक्टर-37 की ओर मोड़ा जाएगा।
वाहन चालक अट्टापीर, रजनीगंधा चौक और सेक्टर-15 गोलचक्कर के रास्तों का उपयोग कर सकते हैं। यदि गेट नंबर-4 के पास अधिक भीड़ होती है, तो फिल्मसिटी फ्लाईओवर से ट्रैफिक को सेक्टर-18 की ओर डायवर्ट किया जाएगा। वहां से एलीवेटेड रोड या रजनीगंधा चौक के जरिए आगे बढ़ा जा सकता है।
वहीं, नोएडा से ग्रेटर नोएडा जाने वाले वाहनों को सेक्टर-14A फ्लाईओवर से सेक्टर-15 गोलचक्कर की ओर भेजा जाएगा।

पार्किंग की विशेष व्यवस्थ

ट्रैफिक व्यवस्था को सुचारू रखने के लिए पार्किंग की विशेष व्यवस्था की गई है। हल्के वाहन दलित प्रेरणा स्थल के गेट नंबर-1 के अंदर पार्क किए जा सकेंगे।
दिल्ली से आने वाले लोगों के लिए फिल्मसिटी में मल्टीलेवल पार्किंग की सुविधा उपलब्ध रहेगी। वहीं, कालिंदी कुंज की ओर से आने वाले वाहन सेक्टर-95 के पास बने अंडरग्राउंड पार्किंग स्थल का उपयोग कर सकते हैं।

दिल्ली में इन रास्तों पर असर

दिल्ली में रामलीला मैदान में सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक जनसभा होगी, जिसके बाद पहाड़गंज तक शोभायात्रा निकाली जाएगी। इस दौरान सुबह 9 बजे से शाम 7 बजे तक ट्रैफिक पर असर पड़ सकता है।
ट्रैफिक पुलिस ने जेएलएन मार्ग, आसफ अली रोड, अजमेरी गेट, मिंटो रोड, रानी झांसी मार्ग और डीबी गुप्ता रोड जैसे प्रमुख मार्गों से बचने की सलाह दी है।

लोगों से अपील

ट्रैफिक पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे घर से निकलने से पहले रूट की जानकारी लें और संभव हो तो वैकल्पिक मार्ग अपनाएं। सार्वजनिक परिवहन का उपयोग करने की भी सलाह दी गई है, ताकि जाम की समस्या से बचा जा सके।

Exit mobile version