Delhi AC Blast Tragedy: पूर्वी दिल्ली के विवेक विहार इलाके में रविवार तड़के एक दर्दनाक हादसा हुआ। सुबह करीब 3.48 बजे एक चार मंजिला इमारत में एसी में धमाका होने के बाद आग लग गई। देखते ही देखते आग तेजी से ऊपर की मंजिलों तक फैल गई और कई लोग अंदर फंस गए।
बचाव टीम ने बताया मंजर
रेस्क्यू टीम के सदस्य संजीव राणा ने इस हादसे का दिल दहला देने वाला मंजर साझा किया। उन्होंने बताया कि सबसे ऊपरी मंजिल पर तीन लोगों ने खुद को बचाने की कोशिश की, लेकिन वे बाहर नहीं निकल सके। छत तक जाने वाले दरवाजे पर सेंट्रल लॉकिंग सिस्टम लगा था, जो उस समय नहीं खुल पाया।
सीढ़ियों पर मिला मां-बेटे का शव
राणा के मुताबिक, मां और बेटे के शव सीढ़ियों पर एक-दूसरे को पकड़े हुए मिले। यह दृश्य बेहद भावुक और झकझोर देने वाला था। उन्होंने बताया कि जब टीम ऊपर पहुंची, तो दूसरी मंजिल पर एक जला हुआ शव मिला और आगे की मंजिलों पर कई शव पड़े थे।
बचाव में आई मुश्किलें
अग्निशमन कर्मियों ने बताया कि इमारत में केवल एक ही सीढ़ी थी, जो अंदर जाने और बाहर निकलने के लिए इस्तेमाल होती थी। पीछे के गेट पर मोटी लोहे की ग्रिल लगी थी, जिसे काटने में समय लगा। टीम को अलग-अलग दिशाओं से सीढ़ियां लगाकर लोगों को बाहर निकालना पड़ा।
लॉक सिस्टम बना खतरा
स्थानीय लोगों का कहना है कि आग लगने के बाद बिजली चली गई थी। इसके कारण सेंट्रल लॉकिंग सिस्टम से बंद दरवाजे खुल नहीं पाए। लिफ्ट भी बंद हो गई थी, जिससे लोगों के पास बाहर निकलने का कोई आसान रास्ता नहीं बचा।
इमारत की बनावट भी बनी वजह
बताया गया कि इमारत के नीचे पार्किंग थी और ऊपर फ्लैट बने थे। पीछे की तरफ संकरी गली और लोहे की जाली लगी हुई थी। ये जाली और ग्रिल चोरी से बचाव के लिए लगाई गई थीं, लेकिन हादसे के समय यही चीजें लोगों के लिए खतरा बन गईं।
सुरक्षा पर उठे सवाल
पड़ोसियों ने बताया कि इलाके में कई घरों में ऐसे लॉकिंग सिस्टम लगे हैं, जो बिजली पर चलते हैं। सवाल उठ रहा है कि अगर आपात स्थिति में बिजली चली जाए, तो लोग बाहर कैसे निकलेंगे। यह हादसा सुरक्षा के इन इंतजामों पर बड़ा सवाल खड़ा करता है।
मातम में बदला इलाका
इस हादसे में नौ लोगों की जान चली गई। पूरे इलाके में शोक का माहौल है और लोग इस घटना से सहमे हुए हैं। परिवारों का रो-रोकर बुरा हाल है।








