Delhi Road Accident : “पापा, बस पहुंचने वाले हैं…” आखिरी कॉल के बाद IPL देख कर घर लौट रहे दो भाइयों की दर्दनाक मौत

दिल्ली में सोमवार रात अशोक रोड पर हिट एंड रन हादसे में दो चचेरे भाइयों की मौत हो गई। दोनों आईपीएल मैच देखकर लौट रहे थे। पुलिस आरोपी की तलाश में CCTV फुटेज खंगाल रही है।

Delhi Road Accident :नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली की सड़कों पर रफ्तार का कहर एक बार फिर दो परिवारों के लिए गहरा दुख बनकर सामने आया। सोमवार देर रात थाना पार्लियामेंट स्ट्रीट इलाके में अशोक रोड पर हुए भीषण सड़क हादसे में दो चचेरे भाइयों की जान चली गई। यह हादसा उस समय हुआ जब दोनों युवक आईपीएल मैच देखकर अपने घर लौट रहे थे।
मृतकों की पहचान 20 वर्षीय यज्ञ भाटिया और 14 वर्षीय अभाव भाटिया के रूप में हुई है। दोनों दिल्ली के अशोक नगर के रहने वाले थे और आपस में चचेरे भाई थे। यज्ञ बीएससी का छात्र था, जबकि अभाव स्कूल में पढ़ता था। पुलिस के अनुसार, घटना रात करीब 10:30 बजे की है।

कैसे हुआ हादसा

पुलिस को PCR कॉल के जरिए सूचना मिली कि अशोक रोड पर पीएनबी कॉम्प्लेक्स के सामने महादेव रोड टी-पॉइंट के पास एक मोटरसाइकिल और मालवाहक वाहन के बीच टक्कर हो गई है। मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों भाइयों को सड़क पर गंभीर हालत में पाया। उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

आखिरी बातचीत बनी याद

हादसे से पहले अभाव अपने पिता से फोन पर बात कर रहा था। उसने कहा था, “पापा, हम आधे घंटे में घर पहुंच जाएंगे।” यह शब्द अब परिवार के लिए आखिरी याद बनकर रह गए हैं।

हिट एंड रन का मामला, आरोपी फरार

शुरुआती जांच में पुलिस ने इसे हिट एंड रन का मामला बताया है।आरोपी चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और वाहन की पहचान कर ली गई है।

CCTV से तलाश जारी

घटना के बाद पुलिस ने आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। चश्मदीदों के बयान भी दर्ज किए गए हैं। अधिकारियों का मानना है कि रात के समय सड़क खाली होने के कारण वाहन की गति काफी तेज रही होगी।

परिवार में मातम, उठे सवाल

इस दर्दनाक हादसे से दोनों परिवारों में शोक की लहर है। आईपीएल मैच की खुशी कुछ ही पलों में मातम में बदल गई। यह घटना एक बार फिर दिल्ली में तेज रफ्तार और लापरवाही से होने वाले हादसों पर सवाल खड़े करती है।

Exit mobile version