Reel stunt accident: पूर्वी दिल्ली के दल्लूपुरा इलाके से एक बेहद चौंकाने वाली घटना सामने आई है। यहां 28 साल के एक युवक की रील बनाते समय गोली लगने से मौत हो गई। मृतक की पहचान पवन कुमार के रूप में हुई है। शुरुआती जांच में यह मामला खुद को गोली लगने यानी ‘सेल्फ-इन्फ्लिक्टेड’ लग रहा है। इस घटना ने इलाके में सनसनी फैला दी है।
कैसे हुआ हादसा
पुलिस के मुताबिक, यह घटना 16 मार्च की है। पवन कुमार को घायल हालत में धर्मशिला अस्पताल ले जाया गया था। उसके सीने के बाईं तरफ गोली लगी थी। अस्पताल पहुंचते ही डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस खबर के बाद परिवार और आसपास के लोग सदमे में हैं।
वीडियो में कैद हुई पूरी घटना
जांच के दौरान पुलिस को एक अहम सबूत मिला। मृतक के चचेरे भाई हिमांशु के मोबाइल फोन में इस घटना का वीडियो रिकॉर्ड मिला है। वीडियो में साफ दिख रहा है कि पवन पिस्टल के साथ छेड़छाड़ कर रहा था। इसी दौरान अचानक गोली चल जाती है और वह खुद उसे ही लग जाती है। वीडियो में यह भी सुनाई देता है कि पास खड़ा व्यक्ति उसे ऐसा न करने की बात कह रहा है।
लाइसेंसी पिस्टल से चली गोली
पुलिस की जांच में सामने आया है कि जिस पिस्टल से गोली चली, वह हिमांशु की लाइसेंसी पिस्टल थी। घटना के बाद पुलिस ने मौके से पिस्टल और 10 जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। इसी मामले में पुलिस ने हिमांशु के खिलाफ गैर इरादतन हत्या और आर्म्स एक्ट के तहत केस दर्ज किया है। फिलहाल आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
जांच में जुटी पुलिस टीम
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के साथ क्राइम और फॉरेंसिक टीम भी मौके पर पहुंची। उन्होंने जरूरी सबूत इकट्ठा किए। पवन के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए लाल बहादुर शास्त्री अस्पताल भेज दिया गया है। साथ ही मोबाइल और वीडियो फुटेज को भी जांच के लिए कब्जे में लिया गया है।
रील के लिए खतरनाक स्टंट?
पुलिस अब यह जानने की कोशिश कर रही है कि आखिर यह वीडियो क्यों बनाया जा रहा था। क्या यह सोशल मीडिया पर रील बनाने के लिए कोई खतरनाक स्टंट था या फिर कोई और वजह थी। फिलहाल सभी पहलुओं से जांच की जा रही है।








