Arvind Kejriwal : दिल्ली चुनाव से पहले क्रिसमस के मौके पर आम आदमी पार्टी ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो जारी किया है, जिसमें अरविंद केजरीवाल सेंटा क्लॉज के रूप में नजर आ रहे हैं। इस वीडियो के माध्यम से AAP ने यह संदेश दिया है कि जैसे सेंटा क्लॉज उपहार देता है, वैसे ही केजरीवाल दिल्लीवासियों को अपनी योजनाओं के रूप में तोहफे दे रहे हैं।
वीडियो की शुरुआत में अरविंद केजरीवाल बच्चों के साथ दिखाए जाते हैं। इसके बाद वह महिलाओं को 2100 रुपये का तोहफा देते हुए नजर आते हैं। फिर उन्हें दिल्ली के सरकारी स्कूलों के बाहर बच्चों के साथ देखा जाता है। इसके बाद केजरीवाल पिंक टिकट हाथ में लिए बस में सवार होते हैं, जो दिल्ली की बसों में महिलाओं को दी जा रही फ्री यात्रा की सुविधा को दर्शाता है।
केजरीवाल हाथ में संजीवनी योजना का गिफ्ट बॉक्स
वीडियो में अरविंद केजरीवाल हाथ में संजीवनी योजना का गिफ्ट बॉक्स और दिल्ली में मिलने वाली फ्री बिजली का तोहफा भी लिए हुए दिखाई देते हैं। अगले साल फरवरी में दिल्ली विधानसभा चुनाव होने वाले हैं, और इस समय सभी राजनीतिक दल दिल्ली के मतदाताओं को आकर्षित करने के लिए अपनी-अपनी योजनाओं का प्रचार कर रहे हैं। दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल भी आगामी चुनाव को ध्यान में रखते हुए कई नई योजनाओं का ऐलान कर चुके हैं, जिनमें महिला सम्मान योजना और संजीवनी योजना प्रमुख हैं।
यह भी पढ़ें : वरुण धवन के एक्शन में कमी, सलमान खान के कैमियो ने मचाया तहलका, जानें दर्शकों को कैसी…
महिला सम्मान योजना के तहत दिल्ली की महिलाओं को हर महीने 2100 रुपये की राशि दी जाएगी, वहीं संजीवनी योजना में 60 साल से ऊपर के बुजुर्गों का इलाज सरकारी और निजी अस्पतालों में मुफ्त किया जाएगा। इस योजना में आय की कोई सीमा भी नहीं रखी गई है, यानी सभी बुजुर्ग इसका लाभ उठा सकते हैं।