छत्तीसगढ़ हाई कोर्ट में निकली जूनियर ज्यूडिशियल असिस्टेंट भर्ती, 20 जुलाई तक करें आवेदन

छत्तीसगढ़ हाई कोर्ट ने न्यायिक सहायक भर्ती 2026 के तहत पुस्तकालय सहायक (जूनियर ज्यूडिशियल असिस्टेंट) के 20 पदों पर भर्ती निकाली है। लाइब्रेरी साइंस में ग्रेजुएट उम्मीदवार 20 जुलाई 2026 तक ऑफलाइन आवेदन कर सकते हैं। चयन लिखित परीक्षा और कौशल परीक्षण के आधार पर होगा। चयनित अभ्यर्थियों को 19,500 रुपये से 62,000 रुपये प्रतिमाह तक वेतन मिलेगा।

Government Jobs 2026:  सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए अच्छी खबर है। छत्तीसगढ़ हाई कोर्ट ने न्यायिक सहायक भर्ती 2026 के तहत पुस्तकालय सहायक (जूनियर ज्यूडिशियल असिस्टेंट) के पदों पर भर्ती का नोटिफिकेशन जारी किया है। इच्छुक और पात्र उम्मीदवार निर्धारित प्रारूप में ऑफलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन जमा करने की अंतिम तिथि 20 जुलाई 2026 तय की गई है।

20 पदों पर होगी भर्ती

हाई कोर्ट द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार इस भर्ती अभियान के तहत पुस्तकालय सहायक (जूनियर ज्यूडिशियल असिस्टेंट) के कुल 20 पद भरे जाएंगे। उम्मीदवारों को अपना आवेदन पत्र निर्धारित प्रारूप में भरकर रजिस्ट्रार जनरल, छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय, बोदरी, बिलासपुर (छत्तीसगढ़) के पते पर भेजना होगा। आवेदन केवल ऑफलाइन माध्यम से स्वीकार किए जाएंगे।

शैक्षणिक योग्यता और आयु सीमा

भर्ती में आवेदन करने के लिए उम्मीदवार के पास किसी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय से लाइब्रेरी साइंस में स्नातक (ग्रेजुएशन) की डिग्री होना अनिवार्य है। इसके अलावा आवेदक का भारतीय नागरिक होना भी जरूरी है।

आयु सीमा की बात करें तो अन्य राज्यों के सामान्य वर्ग के उम्मीदवारों के लिए न्यूनतम आयु 21 वर्ष और अधिकतम आयु 30 वर्ष निर्धारित की गई है। वहीं, छत्तीसगढ़ के मूल निवासियों के लिए अधिकतम आयु सीमा 40 वर्ष रखी गई है।

राज्य के अनुसूचित जाति (SC), अनुसूचित जनजाति (ST) और अन्य पिछड़ा वर्ग (OBC) के अभ्यर्थी 45 वर्ष तक आवेदन कर सकते हैं। इसके अलावा छत्तीसगढ़ की स्थानीय महिलाओं को विशेष छूट प्रदान की गई है और उनके लिए अधिकतम आयु सीमा 50 वर्ष तय की गई है।

आकर्षक वेतनमान का लाभ

चयनित उम्मीदवारों को वेतन मैट्रिक्स के लेवल-4 के तहत नियुक्त किया जाएगा। उन्हें 19,500 रुपये से 62,000 रुपये प्रतिमाह तक वेतन मिलेगा। सरकारी नौकरी के साथ मिलने वाली अन्य सुविधाएं भी इस पद को युवाओं के लिए आकर्षक बनाती हैं।

दो चरणों में होगी चयन प्रक्रिया

भर्ती प्रक्रिया दो चरणों में आयोजित की जाएगी। पहले चरण में लिखित परीक्षा होगी। इसके बाद लिखित परीक्षा में प्रदर्शन के आधार पर अभ्यर्थियों को कौशल परीक्षण (स्किल टेस्ट) के लिए बुलाया जाएगा। कौशल परीक्षण के लिए उम्मीदवारों का चयन 1:15 के अनुपात में किया जाएगा।

अंतिम मेरिट सूची लिखित परीक्षा और कौशल परीक्षण में प्राप्त अंकों के आधार पर तैयार की जाएगी। यदि दो उम्मीदवारों के अंक समान होते हैं तो अधिक आयु वाले उम्मीदवार को प्राथमिकता दी जाएगी।

आवेदन करते समय रखें इन बातों का ध्यान

उम्मीदवार आवेदन पत्र को ध्यानपूर्वक भरें और सभी आवश्यक दस्तावेज जैसे शैक्षणिक प्रमाण पत्र, पहचान पत्र, पासपोर्ट साइज फोटो तथा हस्ताक्षर संलग्न करें। आवेदन पत्र स्पीड पोस्ट के माध्यम से निर्धारित पते पर भेजना होगा। अभ्यर्थियों को यह सुनिश्चित करना होगा कि उनका आवेदन 20 जुलाई 2026 को शाम 5 बजे तक हाई कोर्ट कार्यालय पहुंच जाए, क्योंकि इसके बाद प्राप्त होने वाले आवेदन स्वीकार नहीं किए जाएंगे।

Exit mobile version