Rapper Badshah Song Controversy: मशहूर रैपर और सिंगर Badshah इन दिनों अपने हरियाणवी गाने ‘टटीरी’ को लेकर विवादों में घिर गए हैं। गाने के वीडियो में कथित तौर पर आपत्तिजनक शब्दों और कुछ ऐसे दृश्य दिखाए गए हैं, जिन्हें लेकर कई लोगों ने आपत्ति जताई है। विवाद बढ़ने के बाद इस मामले में पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने जांच शुरू की और बादशाह के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली। वहीं बढ़ते विवाद को देखते हुए YouTube ने भी इस गाने को अपने प्लेटफॉर्म से हटा दिया है।
पंचकूला में दर्ज हुआ मामला
यह मामला हरियाणा के Panchkula में सामने आया है। यहां के एक व्यक्ति ने साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन में शिकायत दी थी। शिकायतकर्ता का कहना है कि गाने के वीडियो में ‘पाठशाला’ शब्द को बदलकर ‘बादशाला’ लिखा गया है।
इसके साथ ही वीडियो में स्कूल यूनिफॉर्म पहनी लड़कियों को डांस करते हुए दिखाया गया है, जिसे शिकायतकर्ता ने आपत्तिजनक बताया है। उनका कहना है कि इस तरह की प्रस्तुति से स्कूल जैसे सम्मानित स्थान की छवि खराब होती है। शिकायत में यह भी कहा गया कि ऐसे वीडियो का बच्चों और युवाओं पर गलत असर पड़ सकता है। साथ ही इससे महिलाओं और छात्राओं के प्रति गलत संदेश भी जाता है।
इन धाराओं में दर्ज हुई FIR
पुलिस ने शिकायत के आधार पर रैपर बादशाह के खिलाफ मामला दर्ज किया है। उन पर Indecent Representation of Women (Prohibition) Act, 1986 की धारा 3 और 4 के तहत केस दर्ज किया गया है।
इसके अलावा भारतीय न्याय संहिता यानी Bharatiya Nyaya Sanhita की धारा 296 के तहत भी कार्रवाई की गई है। पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की जांच की जा रही है और आगे की कार्रवाई जांच के आधार पर होगी।
महिला आयोग ने भेजा समन
गाने को लेकर बढ़ते विवाद के बीच Haryana State Commission for Women ने भी इस मामले का संज्ञान लिया है। आयोग का कहना है कि वीडियो में हरियाणा की स्कूली छात्राओं को गलत तरीके से दिखाया गया है। वीडियो में लड़कियां स्कूल यूनिफॉर्म पहनकर डांस करती नजर आती हैं, जिस पर आयोग ने गंभीर चिंता जताई है। इसी वजह से आयोग ने बादशाह को 13 मार्च को पेश होने के लिए समन जारी किया है। इसके साथ ही आयोग ने फिल्म सेंसर बोर्ड से भी इस गाने पर रोक लगाने की मांग की है।
सोशल मीडिया पर छिड़ी बहस
इस गाने को लेकर सोशल मीडिया पर भी तीखी बहस शुरू हो गई है। कुछ लोग इसे संस्कृति और छात्राओं की छवि के खिलाफ बता रहे हैं। वहीं कुछ लोगों का कहना है कि यह सिर्फ मनोरंजन के उद्देश्य से बनाया गया गाना है।
फिलहाल इस पूरे मामले पर सभी की नजर 13 मार्च को होने वाली पेशी पर टिकी हुई है, जहां बादशाह को अपना पक्ष रखना पड़ सकता है।
बस इस्तेमाल को लेकर भी जांच
विवाद यहीं नहीं रुका। वीडियो में Haryana Roadways की बस दिखने के बाद इसकी भी जांच शुरू कर दी गई है। अधिकारियों ने संबंधित डिपो के ड्राइवर और कंडक्टर के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। फिलहाल विवाद बढ़ने के कारण यह गाना बादशाह के आधिकारिक यूट्यूब चैनल पर उपलब्ध नहीं है।



