Hardik Pandya: भारतीय क्रिकेट टीम के ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या और मॉडल-एक्ट्रेस माहिका शर्मा एक बार फिर सुर्खियों में हैं। सोशल मीडिया पर दोनों की एक तस्वीर तेजी से वायरल हो रही है, जिसके बाद उनकी शादी को लेकर अटकलों का दौर शुरू हो गया है। हालांकि, अब तक हार्दिक पांड्या या माहिका शर्मा की ओर से इस संबंध में कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
तस्वीर में क्या दिखा?
वायरल तस्वीर में माहिका शर्मा मांग में सिंदूर और माथे पर लाल बिंदी लगाए नजर आ रही हैं। वहीं हार्दिक पांड्या के माथे पर भी तिलक दिखाई दे रहा है। तस्वीर में दोनों माहिका की मां के साथ कैमरे के सामने पोज देते नजर आ रहे हैं। इसी तस्वीर के आधार पर सोशल मीडिया पर कई यूजर्स यह दावा कर रहे हैं कि दोनों ने निजी समारोह में शादी कर ली है।
हालांकि, तस्वीर के आधार पर शादी की पुष्टि नहीं की जा सकती और फिलहाल इसे लेकर केवल कयास लगाए जा रहे हैं।
हार्दिक की निजी जिंदगी रही चर्चा में
हार्दिक पांड्या की पहली शादी अभिनेत्री नताशा स्टेनकोविक से हुई थी। दोनों का एक बेटा अगस्त्य भी है। साल 2024 में दोनों ने अलग होने का फैसला किया था। इसके बाद हार्दिक का नाम ब्रिटिश सिंगर जैस्मिन वालिया से भी जोड़ा गया। अब पिछले कुछ समय से उनका नाम माहिका शर्मा के साथ चर्चा में है और दोनों को कई मौकों पर साथ देखा गया है।
कौन हैं माहिका शर्मा?
24 वर्षीय माहिका शर्मा एक मॉडल और अभिनेत्री हैं। उन्होंने इकोनॉमिक्स और फाइनेंस की पढ़ाई के साथ मॉडलिंग में करियर बनाया। फैशन इंडस्ट्री में वह मनीष मल्होत्रा, अनीता डोंगरे, तरुण तहिलियानी और अमित अग्रवाल जैसे नामी डिजाइनरों के लिए रैंप वॉक कर चुकी हैं।
साल 2024 में उन्हें इंडियन फैशन अवॉर्ड्स में ‘मॉडल ऑफ द ईयर‘ का सम्मान भी मिला था। इसके अलावा वह कई म्यूजिक वीडियो, शॉर्ट फिल्मों और फैशन प्रोजेक्ट्स का हिस्सा रह चुकी हैं।
आधिकारिक पुष्टि का इंतजार
फिलहाल सोशल मीडिया पर वायरल तस्वीर के आधार पर शादी की चर्चाएं जरूर हो रही हैं, लेकिन हार्दिक पांड्या और माहिका शर्मा की ओर से इस बारे में कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। ऐसे में शादी की खबर की पुष्टि होना अभी बाकी है।









