Chhath Special: भोजपुरी सुपरस्टार और राजनेता मनोज तिवारी ने टीवी रियलिटी शो ‘धमाल विद पति-पत्नी और पंगा’ के सेट पर छठ पूजा का खास उत्सव मनाया। इस दौरान उन्होंने शो में शामिल सभी जोड़ियों के लिए प्रसाद पहुंचाया और पूरे सेट को त्योहार की खुशियों से सराबोर कर दिया।
गीत गाकर बनाया माहौल
मनोज तिवारी ने इस मौके पर छठ पूजा का भावपूर्ण गीत भी गाया। उनके गीत से सेट पर भक्ति और उत्साह का माहौल बन गया। उन्होंने शो के कलाकारों और सदस्यों को भी इस पर्व की परंपराओं से जोड़ने की कोशिश की।
सुरभि ने बताई यादें
शो में नजर आने वालीं मनोज तिवारी की पत्नी सुरभि ने छठ पूजा को अपने सबसे खूबसूरत और अर्थपूर्ण त्योहारों में से एक बताया। उन्होंने कहा कि छठ के गीत सुनते ही उन्हें अपने गृहनगर की याद आने लगती है और वापस जाने का मन करता है। वहां यह पर्व पूरी श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया जाता है।
परिवार के लिए खास पर्व
सुरभि के मुताबिक, छठ ऐसा त्योहार है जब परिवार के लोग एक साथ आते हैं और पुरानी परंपराओं को संजोते हैं। इस दौरान लोग अपने करीबियों की खुशी, अच्छी सेहत और भलाई के लिए प्रार्थना करते हैं। उन्होंने कहा कि यह साल उनके लिए खास रहा है, क्योंकि शो के जरिए उन्हें और मनोज तिवारी को दर्शकों का खूब प्यार मिला है।
सभी के लिए मांगा आशीर्वाद
सुरभि ने छठ के मौके पर कामना की कि हर परिवार को खुशियां, आपसी जुड़ाव और प्यार मिले। उन्होंने कहा कि त्योहारों की खूबसूरती तब बढ़ जाती है, जब हम अपने साथ दूसरों की खुशहाली की भी कामना करते हैं। अंत में उन्होंने जय छठी मैया कहकर अपनी बात पूरी की।
कौन कर रहा शो होस्ट
‘धमाल विद पति-पत्नी और पंगा’ को अभिनेत्री सोनाली बेंद्रे और मुनव्वर फारुकी होस्ट कर रहे हैं। इस रियलिटी शो में भारतीय टेलीविजन की कई लोकप्रिय सेलिब्रिटी जोड़ियां हिस्सा ले रही हैं।

























