Vikrant Massey Musafir Cafe: विक्रांत मैसी ने अपने अभिनय से अलग-अलग किरदारों में पहचान बनाई है। हाल ही में उनकी वेब सीरीज ‘मुसाफिर कैफे’ नेटफ्लिक्स पर रिलीज हुई थी। इस प्रोजेक्ट से विक्रांत सिर्फ अभिनेता के तौर पर ही नहीं, बल्कि निर्माता के रूप में भी जुड़े थे।
उन्होंने पत्नी शीतल ठाकुर के साथ मिलकर अपनी प्रोडक्शन कंपनी होममेड स्टोरीज के बैनर तले सीरीज तैयार की। कहानी में विक्रांत का किरदार पहाड़ों के बीच अपना कैफे खोलने का सपना देखता है। अब इसी कल्पना को एक्टर वास्तविक जिंदगी में भी आकार देने की तैयारी कर रहे हैं।
हिमाचल और उत्तराखंड में खुलेंगे दो कैफे
रिपोर्ट के मुताबिक, विक्रांत मैसी की कंपनी हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में दो कैफे विकसित कर रही है। दोनों प्रोजेक्ट पर निर्माण का काम शुरू होने की जानकारी सामने आई है।
इन कैफे की खासियत यह होगी कि यहां ‘मुसाफिर कैफे’ में दिखाई गई दुनिया और माहौल की झलक देखने को मिल सकती है। हालांकि, दोनों प्रोजेक्ट की सटीक लोकेशन और इनके शुरू होने की तारीख अभी सार्वजनिक नहीं की गई है।
कलाकारों के लिए होगी रेजिडेंसी की सुविधा
इन कैफे को सिर्फ खाने-पीने की जगह तक सीमित रखने की योजना नहीं है। प्रोजेक्ट में करीब 20 कमरे बनाए जाने की बात सामने आई है, जहां कलाकारों और क्रिएटर्स के लिए रेजिडेंसी की सुविधा हो सकती है।
इसका उद्देश्य कलाकारों को कुछ समय शांत माहौल में रहने और अपने रचनात्मक काम पर ध्यान केंद्रित करने की जगह उपलब्ध कराना है। यानी कैफे के साथ एक तरह का क्रिएटिव स्पेस भी विकसित किया जाएगा।
शीतल ठाकुर का हिमाचल से है कनेक्शन
हिमाचल प्रदेश में कैफे खोलने का प्रोजेक्ट विक्रांत मैसी के लिए व्यक्तिगत रूप से भी खास हो सकता है। उनकी पत्नी और अभिनेत्री शीतल ठाकुर का परिवार हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर जिले के शहतलाई से जुड़ा बताया जाता है।
विक्रांत और शीतल ने 2022 में शीतल के पुश्तैनी घर पर पारंपरिक हिमाचली रीति-रिवाजों के साथ शादी की थी।
अब ‘मुसाफिर कैफे’ की काल्पनिक दुनिया को वास्तविक जगह में बदलने की यह कोशिश विक्रांत के अभिनय के अलावा उनके नए बिजनेस वेंचर के रूप में देखी जा रही है।







