Zubeen Garg Passes Away:लोकप्रिय असमिया गायक का सिंगापुर में समुद्री हादसे में निधन ,सदमे में फिल्म इंडस्ट्री

लोकप्रिय असमिया गायक जुबीन गर्ग का सिंगापुर में स्कूबा डाइविंग हादसे में निधन हो गया। आखिरी वीडियो में वे मुस्कुराते नजर आए। प्रधानमंत्री मोदी, मुख्यमंत्री सरमा और विशाल ददलानी सहित कई हस्तियों ने गहरा दुख जताया।

Zubeen Garg passes away Assam singer

Zubeen Garg passes away: असम के मशहूर गायक जुबीन गर्ग अब इस दुनिया में नहीं रहे। 52 साल के जुबीन गर्ग सिंगापुर में स्कूबा डाइविंग के दौरान एक हादसे का शिकार हो गए। डॉक्टरों ने पूरी कोशिश की, लेकिन उनकी जान नहीं बचाई जा सकी। उनके अचानक चले जाने से संगीत जगत और उनके चाहने वालों को गहरा सदमा लगा है।

आखिरी वीडियो आया सामने

जुबीन गर्ग का एक वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया है, जिसमें वे लाइफ जैकेट पहनकर समुद्र में छलांग लगाते नजर आ रहे हैं। यह वीडियो उनके निधन से कुछ ही मिनट पहले का बताया जा रहा है। वीडियो में जुबीन गर्ग पूरी तरह स्वस्थ और खुश नजर आ रहे हैं। मुस्कुराता चेहरा और जोश से भरी उनकी झलक अब उनके फैंस के लिए यादगार बन गई है।

नॉर्थ ईस्ट फेस्टिवल में करना था परफॉर्म

शनिवार को होने वाले नॉर्थ ईस्ट फेस्टिवल में जुबीन गर्ग को प्रस्तुति देनी थी। उससे पहले वे समुद्र की सैर पर गए थे। इसी दौरान अचानक उनकी तबीयत बिगड़ी और उन्हें तुरंत आईसीयू में भर्ती कराया गया। लेकिन तमाम कोशिशों के बावजूद वे बच नहीं पाए।

प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री ने जताया शोक

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जुबीन गर्ग के निधन पर गहरा दुख जताया। उन्होंने कहा, “लोकप्रिय गायक जुबीन गर्ग के अचानक निधन से मैं स्तब्ध हूं। वे अपने संगीत और योगदान के लिए हमेशा याद किए जाएंगे।”
असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने लिखा कि असम ने आज अपना सबसे प्यारा बेटा खो दिया। उन्होंने कहा, “जुबीन का जाना असम के लिए अपूरणीय क्षति है। इतनी कम उम्र में उनका जाना बेहद दुखद है।”

बॉलीवुड से भी उमड़ा दुख

बॉलीवुड संगीतकार विशाल ददलानी ने भी श्रद्धांजलि दी। उन्होंने कहा, “मेरा मन विश्वास नहीं कर पा रहा। जुबीन गर्ग ने एक ऐसा खालीपन छोड़ दिया है जिसे कोई और कभी नहीं भर पाएगा। वे सच्चे रॉकस्टार थे और अपने लोगों से गहरा जुड़ाव रखते थे।”

‘या अली’ ने दिलाया था देशभर में नाम

हालांकि जुबीन गर्ग असमिया संगीत का बड़ा नाम थे, लेकिन साल 2006 की फिल्म गैंगस्टर के मशहूर गीत ‘या अली’ ने उन्हें पूरे भारत में पहचान दिलाई। यह गाना उस दौर का सबसे बड़ा हिट साबित हुआ और आज भी लोगों की प्लेलिस्ट में मौजूद है।

जुबीन गर्ग का जाना न सिर्फ असम बल्कि पूरे भारत के लिए एक बड़ी क्षति है। उनका संगीत और उनका जोशीला अंदाज हमेशा लोगों के दिलों में जिंदा रहेगा।

Exit mobile version