Ghaziabad Slum Fire: गाजियाबाद के इंदिरापुरम इलाके के कनवानी गांव में उस समय हड़कंप मच गया, जब झुग्गियों में अचानक भीषण आग लग गई। आग इतनी तेज थी कि देखते ही देखते पूरे इलाके को अपनी चपेट में ले लिया। आसमान में काला धुआं फैल गया और दूर-दूर तक इसकी गर्मी महसूस की गई। लोगों के लिए यह मंजर किसी डरावने सपने से कम नहीं था।
कैसे हुई आग की शुरुआत
जानकारी के मुताबिक, जिस जगह आग लगी वहां कबाड़ का काम होता था। उसी जगह के ऊपर से हाईटेंशन बिजली की तारें गुजर रही थीं। बताया जा रहा है कि दिन के समय इन तारों से चिंगारी निकली, जिसने धीरे-धीरे आग का रूप ले लिया। कुछ ही मिनटों में आग बेकाबू हो गई और आसपास की झुग्गियों तक फैल गई।
लोगों में मची अफरा-तफरी
आग की लपटें उठते ही इलाके में अफरा-तफरी मच गई। कोई अपने बच्चों को बचाने के लिए भाग रहा था तो कोई अपने घर का सामान समेटने की कोशिश कर रहा था। लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर दौड़ते नजर आए। कई झुग्गियों में छोटे गैस सिलेंडर भी थे, जिनमें धमाके होने की बात सामने आई है। इन धमाकों ने आग को और ज्यादा भड़काने का काम किया।
दमकल की टीम ने पाया काबू
घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंच गईं। आग बुझाने का काम तुरंत शुरू किया गया। घंटों की मेहनत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। हालांकि, आग बुझने के बाद भी काफी देर तक धुआं उठता रहा, जिससे लोगों में डर बना रहा।
प्रशासन ने किया राहत का इंतजाम
जिलाधिकारी रवींद्र कुमार मंदार ने बताया कि इस हादसे में किसी के घायल या मौत की खबर नहीं है। फिर भी एहतियात के तौर पर पूरे इलाके का सर्वे किया जा रहा है, ताकि कोई लापता न हो। जिन लोगों के घर जल गए हैं, उन्हें अस्थायी राहत शिविरों में ठहराया गया है।
राहत शिविर में जरूरी सुविधाएं
प्रशासन ने कनवानी के आर्य पब्लिक स्कूल में राहत शिविर बनाया है। यहां प्रभावित लोगों के रहने और खाने की व्यवस्था की गई है। करीब 1,000 लोगों के लिए भोजन तैयार किया जा रहा है। साथ ही जरूरी सामान भी बांटा जा रहा है, ताकि लोगों को किसी तरह की परेशानी न हो।
आग लगने की वजह साफ
मुख्य अग्निशमन अधिकारी राहुल पाल के अनुसार, शुरुआती जांच में आग लगने की वजह हाईटेंशन तारों से निकली चिंगारी ही सामने आई है। फिलहाल मामले की जांच जारी है, ताकि पूरी सच्चाई सामने आ सके।






