Health Tips: सेहत के लिए क्या है ज़्यादा फायदेमंद दही या योगर्ट और दोनों में क्या है अंतर जानिए आसान शब्दों में

दही और योगर्ट दोनों ही दूध से बनाए जाते हैं और सेहत के लिए फायदेमंद होते हैं। फर्क सिर्फ बनाने के तरीके और इस्तेमाल होने वाले बैक्टीरिया में है। दोनों में से कोई भी खाया जा सकता है ।

 Health Tips: गर्मी के मौसम में शरीर को ठंडा रखने के लिए दही खाना हर घर में आम बात है। वहीं अब लोग योगर्ट (Yogurt) भी खाने लगे हैं। कई लोग सोचते हैं कि दही और योगर्ट एक ही चीज हैं, लेकिन कुछ का मानना है कि ये दोनों अलग हैं। तो चलिए जानते हैं डॉक्टर की राय कि इन दोनों में क्या फर्क है और किसका सेवन आपके लिए बेहतर है।

दोनों ही दूध से बनते हैं,लेकिन तरीका अलग

डॉक्टर के अनुसार, दही और योगर्ट दोनों ही दूध से बनाए जाते हैं, लेकिन बनाने का तरीका थोड़ा अलग होता है।
दही को लैक्टोबैसिलस नाम के बैक्टीरिया की मदद से जमाया जाता है। इसमें हम पुराने जामन (बची हुई दही) को नए दूध में मिलाकर 12–13 घंटे तक जमने के लिए छोड़ते हैं। इससे दूध गाढ़ा होकर दही बन जाता है।

वहीं योगर्ट एक तरह का वेस्टर्न तरीका है, जिसमें भी बैक्टीरिया से दूध को जमाया जाता है, लेकिन इसमें दो तरह के खास बैक्टीरिया डाले जाते हैं।

Lactobacillus bulgaricus

Streptococcus thermophilus

इन बैक्टीरिया को बहुत ही साफ और नियंत्रित माहौल में मिलाया जाता है और दूध को एक खास तापमान पर रखा जाता है ताकि वह योगर्ट बन जाए।

किस दूध से बनता है योगर्ट?

योगर्ट बनाते समय यह तय किया जाता है कि किस तरह का दूध लिया जाएगा

स्किम्ड मिल्क (कम फैट वाला दूध)

डबल टोन दूध

फुल क्रीम दूध

इसके बाद उसमें बैक्टीरिया मिलाकर उसे जमाया जाता है। इस पूरी प्रक्रिया में सफाई और सटीक तापमान का ध्यान रखा जाता है। यही वजह है कि योगर्ट अक्सर थोड़ा ज्यादा प्रोसेस्ड होता है।

तो क्या दही और योगर्ट अलग हैं?

डॉक्टर बताते हैं कि असल में दही और योगर्ट में कोई बड़ा अंतर नहीं है। दोनों का मूल एक ही है। दूध और बैक्टीरिया। फर्क सिर्फ यह है कि

दही घरों में पारंपरिक तरीके से जमाई जाती है।

योगर्ट फैक्ट्री या पैकिंग यूनिट्स में वैज्ञानिक तरीके से तैयार किया जाता है।

इसलिए जो लोग सोचते हैं कि दही और योगर्ट अलग-अलग चीजें हैं, तो यह बात पूरी तरह सही नहीं है। दोनों ही सेहत के लिए अच्छे हैं और गर्मियों में शरीर को ठंडा रखने में मदद करते हैं।

Exit mobile version