Fatty Liver in Youth: बदलती जीवनशैली, गलत खानपान और शारीरिक गतिविधियों की कमी का असर अब युवाओं की सेहत पर भी पड़ रहा है। कम उम्र में फैटी लिवर, मोटापा और पाचन संबंधी समस्याएं देखने को मिल रही हैं। वहीं हेपेटाइटिस और पेट के कैंसर जैसी गंभीर बीमारियां भी चिंता का विषय हैं। विशेषज्ञों का कहना है कि पेट दर्द, अपच, भूख न लगना और लगातार थकान जैसे लक्षणों को नजरअंदाज नहीं करना चाहिए।
बुधवार को मुरादाबाद में दैनिक जागरण कार्यालय में आयोजित ‘हेलो डॉक्टर’ कार्यक्रम में विशेषज्ञ डॉ. सिद्धार्थ मेहरोत्रा ने पाठकों के सवालों के जवाब दिए। उन्होंने पौष्टिक और सुपाच्य भोजन करने के साथ रोजाना सुबह-शाम 30-30 मिनट टहलने की सलाह दी।
जंक फूड और मोटापा बढ़ा रहे फैटी लिवर का खतरा
डॉ. मेहरोत्रा के मुताबिक, युवाओं में जंक फूड, मीठे पेय, मोटापा और शारीरिक गतिविधियों की कमी फैटी लिवर की समस्या बढ़ाने वाले प्रमुख कारण हैं। शराब का सेवन भी लिवर को नुकसान पहुंचा सकता है। शुरुआती फैटी लिवर में अक्सर कोई स्पष्ट लक्षण नहीं दिखाई देते। लिवर फंक्शन टेस्ट, अल्ट्रासाउंड और डॉक्टर की सलाह से इसकी पहचान की जा सकती है।
हेपेटाइटिस से बचाव के लिए टीकाकरण जरूरी
हेपेटाइटिस लिवर में सूजन की समस्या है। इससे बचाव के लिए साफ-सफाई का ध्यान रखना, दूषित भोजन और पानी से बचना तथा संक्रमित रक्त के संपर्क से दूर रहना जरूरी है। हेपेटाइटिस बी से बचाव के लिए टीकाकरण कराया जा सकता है। इसके अलावा इस्तेमाल की गई सुई साझा नहीं करनी चाहिए।
पेट के कैंसर के लक्षणों को न करें नजरअंदाज
विशेषज्ञ ने बताया कि लगातार अपच, पेट दर्द, जल्दी पेट भरना, भूख कम लगना और बिना वजह वजन घटना जैसे लक्षणों पर ध्यान देना जरूरी है। खून की उल्टी जैसे लक्षण होने पर तत्काल चिकित्सा सहायता लेनी चाहिए। ऐसे लक्षणों का मतलब हमेशा कैंसर नहीं होता, लेकिन समय पर जांच कराना जरूरी है।
कब्ज और गैस की परेशानी में क्या करें?
पाठकों के सवालों के जवाब में डॉक्टर ने फाइबर युक्त भोजन, फल, सलाद और हरी सब्जियां खाने की सलाह दी। उन्होंने नियमित व्यायाम और पैदल चलने की आदत अपनाने पर भी जोर दिया। देर रात भोजन करने से बचने और रात का खाना हल्का रखने की सलाह दी गई।
हालांकि, लंबे समय से कब्ज, पेट दर्द, गैस या बार-बार शौच जाने की समस्या बनी रहे तो केवल घरेलू उपायों पर निर्भर रहने के बजाय डॉक्टर से परामर्श करना चाहिए।
लिवर और पाचन तंत्र स्वस्थ रखने के लिए अपनाएं ये आदतें
डॉक्टर के अनुसार, युवाओं को घर का ताजा और संतुलित भोजन करना चाहिए। फास्ट फूड, अधिक मीठे पेय और तले-भुने खाद्य पदार्थों का सेवन सीमित रखें। रोजाना शारीरिक गतिविधि करें, पर्याप्त नींद लें और शराब-तंबाकू से दूरी बनाएं। स्वस्थ दिनचर्या अपनाकर लिवर और पाचन तंत्र से जुड़ी कई समस्याओं का खतरा कम किया जा सकता है।


















