Ghee Benefits: घी भारतीय भोजन का एक अहम हिस्सा रहा है, लेकिन अब यह सिर्फ खाने का स्वाद बढ़ाने तक सीमित नहीं रह गया है। आजकल हेल्थ और फिटनेस की दुनिया में सुबह खाली पेट एक चम्मच घी खाने का ट्रेंड तेजी से लोकप्रिय हो रहा है। कई लोग इसे डिटॉक्स, ऊर्जा और बेहतर पाचन से जोड़कर देख रहे हैं।
लेकिन सवाल यह है कि क्या रोजाना घी खाना वास्तव में सेहत के लिए फायदेमंद है, या यह सिर्फ एक और हेल्थ मिथ है?
घी क्या होता है?
दरअसल मक्खन को धीमी आंच पर गर्म करके तैयार किया जाता है, जिसमें दूध के ठोस हिस्से अलग हो जाते हैं और शुद्ध वसा बचती है। इसमें वसा में घुलनशील विटामिन जैसे A, D, E और K पाए जाते हैं, जो शरीर के लिए जरूरी माने जाते हैं।
घी खाने के फायदे
पाचन तंत्र को सपोर्ट
घी में मौजूद ब्यूटिरिक एसिड आंतों के स्वास्थ्य के लिए फायदेमंद माना जाता है। कई लोगों को इसके सेवन से पाचन में सुधार और पेट फूलने की समस्या में राहत महसूस होती है।
धीरे-धीरे मिलने वाली ऊर्जा
यह शरीर को तुरंत शुगर बूस्ट नहीं देता, बल्कि धीरे-धीरे ऊर्जा प्रदान करता है। इसी वजह से कुछ लोग इसे कॉफी या गर्म पानी के साथ लेते हैं ताकि दिनभर एनर्जी बनी रहे।
त्वचा और पोषण में मदद
इस में मौजूद विटामिन्स त्वचा की सेहत के लिए उपयोगी माने जाते हैं। हालांकि यह स्किनकेयर का विकल्प नहीं है, लेकिन यह शरीर को अंदर से पोषण देने में मदद कर सकता है।
हेल्दी फैट का स्रोत
फिटनेस से जुड़े लोग इसे संतुलित मात्रा में डाइट में शामिल करते हैं क्योंकि हेल्दी फैट हार्मोन बैलेंस, न्यूट्रिएंट एब्जॉर्प्शन और रिकवरी में भूमिका निभाते हैं।
सावधानी भी जरूरी है
एक चम्मच घी में लगभग 120 कैलोरी होती है, इसलिए इसका अत्यधिक सेवन वजन बढ़ा सकता है। खासकर उन लोगों को जो वजन घटाने की कोशिश कर रहे हैं, उन्हें इसकी मात्रा पर ध्यान देना चाहिए।
इसके अलावा जिन लोगों को हृदय रोग, हाई कोलेस्ट्रॉल या अन्य मेटाबॉलिक समस्याएं हैं, उन्हें घी का नियमित सेवन करने से पहले डॉक्टर की सलाह लेनी चाहिए।



