Health news : गर्मी में सेहत का साथी है कच्चा आम, जानिए इसके ज़बरदस्त फ़ायदे

गर्मी में कच्चा आम इम्यूनिटी बढ़ाने, पाचन सुधारने, हड्डियां मजबूत करने और लू से बचाने में मदद करता है। डायबिटीज मरीज भी इसे सीमित मात्रा में खा सकते हैं।

RAW MANGO

Raw Mango Health Benefits,गर्मी का मौसम आते ही आम की खुशबू और स्वाद का सबको बेसब्री से इंतजार होता है। अप्रैल-मई में जब तक पके आम नहीं आते, तब तक लोग कच्चे आम से ही काम चलाते हैं। चाहे आम का पन्ना हो, चटनी हो या लौंजी, कच्चा आम खाने में जितना स्वादिष्ट होता है, उतना ही फायदेमंद भी है। चलिए जानते हैं कच्चा आम खाने से सेहत को क्या-क्या फायदे मिलते हैं।

इम्यूनिटी को करे मजबूत

आज के समय में शरीर की रोगों से लड़ने की ताकत यानी इम्यूनिटी का मजबूत होना बहुत जरूरी है। कच्चा आम खाने से इम्यून सिस्टम को मजबूती मिलती है क्योंकि इसमें विटामिन C भरपूर मात्रा में पाया जाता है। ये विटामिन शरीर को संक्रमण और मौसमी बीमारियों से बचाने में मदद करता है।

हड्डियों को बनाए ताकतवर

कच्चे आम में कैल्शियम भी पाया जाता है, जो हड्डियों की सेहत के लिए बहुत अच्छा होता है। बच्चों और बुज़ुर्गों को कच्चे आम से बनी चीजें जैसे आम पन्ना या चटनी ज़रूर खिलानी चाहिए, ताकि उनकी हड्डियां मज़बूत बनी रहें।

पेट को रखे सही

गर्मियों में पाचन से जुड़ी परेशानियां बढ़ जाती हैं, लेकिन कच्चा आम इस मामले में भी काफी फायदेमंद है। इसमें फाइबर होता है जो कब्ज की समस्या को दूर करता है और पेट साफ रखने में मदद करता है। साथ ही इसमें ऐसे तत्व होते हैं जो गैस और एसिडिटी से राहत दिलाते हैं।

लू से बचाए

गर्मियों में लू लगना आम बात है, लेकिन अगर आप कच्चे आम से बना पन्ना रोज़ पिएं, तो लू से बच सकते हैं। यह शरीर को ठंडक देता है और डिहाइड्रेशन से भी बचाता है। यही वजह है कि दादी-नानी इस मौसम में आम का पन्ना ज़रूर पिलाती हैं।

डायबिटीज में भी फायदेमंद

डायबिटीज के मरीजों के लिए भी कच्चा आम अच्छा विकल्प हो सकता है। इसमें नैचुरल शुगर कम होती है और यह ब्लड शुगर लेवल को कंट्रोल करने में मदद करता है। लेकिन सेवन सीमित मात्रा में करें और डॉक्टर की सलाह भी जरूर लें।

Disclaimer यह जानकारी घरेलू उपायों और सामान्य जानकारी पर आधारित है। किसी भी चीज़ का सेवन शुरू करने से पहले अपने डॉक्टर से सलाह लेना बेहतर होगा।

Exit mobile version