Poisonous Summer Fruits गर्मी का मौसम शुरू होते ही बाजार में ढेरों तरह के रंग-बिरंगे और स्वादिष्ट फल दिखने लगते हैं। लेकिन क्या आप जानते हैं कि कुछ फल ऐसे भी होते हैं जो दिखने में तो अच्छे लगते हैं, पर सेहत के लिए खतरनाक हो सकते हैं? दरअसल, इनमें मौजूद प्राकृतिक ज़हर या टॉक्सिन्स हमारी सेहत को गंभीर नुकसान पहुंचा सकते हैं। यहां तक कि कुछ मामलों में तो जान जाने का भी खतरा रहता है। आइए जानते हैं ऐसे फलों के बारे में जो गर्मियों में खाने से ज़हरीले साबित हो सकते हैं
लीची, बच्चों के लिए हो सकती है जानलेवा
गर्मी में मिलने वाली सबसे लोकप्रिय फलों में से एक है लीची। लेकिन खाली पेट लीची खाना खासकर बच्चों के लिए बहुत नुकसानदायक हो सकता है। इसमें एक ज़हरीला तत्व हाइपोग्लाइसीन होता है, जो शरीर में जाकर ब्लड शुगर यानी रक्त में शर्करा की मात्रा को अचानक बहुत कम कर देता है। इससे बेहोशी, झटके और गंभीर मामलों में मौत तक हो सकती है। बिहार के मुजफ्फरपुर में हर साल लीची से बच्चों की मौत की खबरें आती रहती हैं।
एकी फल,पका नहीं तो ज़हर
एकी फल जमैका का राष्ट्रीय फल है, लेकिन अगर इसे बिना पूरी तरह पकाए खा लिया जाए तो इसमें मौजूद हाइपोग्लाइसीन ए और बी शरीर में जहर की तरह असर करते हैं। इससे उल्टी, बेहोशी और जान जाने तक का खतरा हो सकता है।
स्टार फ्रूट, किडनी मरीजों के लिए खतरनाक
स्टार फ्रूट दिखने में खूबसूरत और स्वाद में खट्टा-मीठा होता है, लेकिन ये किडनी की बीमारी से जूझ रहे लोगों के लिए खतरनाक हो सकता है। इसमें एक ऐसा तत्व होता है जो तंत्रिका तंत्र को नुकसान पहुंचा सकता है और दिमागी परेशानियां पैदा कर सकता है। सेहतमंद लोगों के लिए यह ज़्यादा नुकसानदेह नहीं होता, लेकिन कमजोर किडनी वालों को इससे बचना चाहिए।
सेब और चेरी,बीजों में छिपा जहर
सेब और चेरी के बीजों में एमिग्डालिन नामक एक तत्व पाया जाता है, जो शरीर में जाकर साइनाइड में बदल जाता है। ये ज़हर शरीर को नुकसान पहुंचा सकता है। इसलिए इन फलों को खाते वक्त हमेशा उनके बीज निकाल दें, खासकर जब बच्चों को दे रहे हों।
डेथ एप्पल,नाम के जैसा ही खतरनाक
यह फल कैरेबियन और मध्य अमेरिका के तटीय क्षेत्रों में पाया जाता है। इसका नाम ही बताता है कि यह कितना खतरनाक है। इसके फल, पत्ते और छाल सभी में ज़हरीले तत्व होते हैं। इससे त्वचा पर जलन, छाले और खाने पर गले में खराश, उल्टी और यहां तक कि मौत भी हो सकती है। इसके पेड़ के नीचे खड़े होना भी खतरनाक हो सकता है, खासकर बारिश के समय।
चीकू,कच्चा फल कर सकता है नुकसान
चीकू आमतौर पर मीठा और फायदेमंद फल माना जाता है, लेकिन इसका कच्चा रूप सेहत के लिए सही नहीं होता। इसमें लेटेक्स और सैपोनिन नाम के तत्व होते हैं जो पेट में जाकर जलन, उल्टी और एलर्जी जैसी समस्या पैदा कर सकते हैं।
पैंगियम एड्यूल,नारियल जैसा लेकिन ज़हर से भरा
ये फल बाहर से देखने में नारियल जैसा लगता है लेकिन इसके बीजों में हाइड्रोजन साइनाइड मौजूद होता है। यह एक जानलेवा जहर है। इस फल को खाने से पहले इसे कई दिनों तक भिगोकर, उबालकर और सुखाकर ही खाया जा सकता है, वरना यह जान को खतरे में डाल सकता है।