Student Mental Stress: आज के समय में पढ़ाई, अच्छे नंबर और सफल बनने की होड़ बच्चों पर लगातार दबाव बढ़ा रही है। कई स्टूडेंट्स बाहर से बिल्कुल सामान्य दिखाई देते हैं, लेकिन अंदर ही अंदर डर, तनाव और चिंता से जूझ रहे होते हैं। हाल ही में सामने आई रिपोर्ट में बताया गया कि कई बच्चे अपनी परेशानियां घरवालों से भी साझा नहीं कर पाते। उन्हें डर रहता है कि लोग उन्हें कमजोर समझेंगे या उनकी बात को गंभीरता से नहीं लेंगे।
यही वजह है कि माता-पिता के लिए बच्चों के व्यवहार में होने वाले छोटे-छोटे बदलावों को समझना बहुत जरूरी हो गया है।
धीरे-धीरे दिखने लगते हैं संकेत
मानसिक तनाव अचानक नहीं आता, बल्कि धीरे-धीरे बढ़ता है। शुरुआत में बच्चे के स्वभाव और रोजमर्रा की आदतों में बदलाव नजर आने लगता है। जैसे बच्चा चिड़चिड़ा रहने लगे, अकेले रहना पसंद करे या दोस्तों और परिवार से दूरी बनाने लगे।
कई बार बच्चा उन चीजों में भी रुचि लेना बंद कर देता है, जिनमें पहले उसे खुशी मिलती थी। कुछ बच्चों की नींद खराब होने लगती है, भूख कम हो जाती है या उन्हें बार-बार सिर दर्द और पेट दर्द जैसी शिकायतें होने लगती हैं। विशेषज्ञों का कहना है कि इन संकेतों को सिर्फ सामान्य मूड समझकर नजरअंदाज नहीं करना चाहिए। कई बच्चे हर समय परफेक्ट बनने का दबाव महसूस करते हैं, जबकि कुछ पढ़ाई से पूरी तरह दूरी बनाने लगते हैं।
क्यों चुप रह जाते हैं बच्चे?
कई बच्चे अपने माता-पिता को परेशान नहीं करना चाहते, इसलिए अपनी चिंता और डर छिपाकर रखते हैं। सोशल मीडिया पर दूसरों की सफलता देखकर भी बच्चों के मन में तुलना शुरू हो जाती है। अच्छे कॉलेज में दाखिला लेने का दबाव और हर समय सफल दिखने की होड़ उनके मानसिक स्वास्थ्य पर असर डाल रही है। कुछ बच्चों को लगता है कि अगर उनके नंबर कम आए, तो लोग उन्हें कम समझेंगे। इसी डर की वजह से वे खुलकर अपनी बात नहीं कह पाते। कई स्टूडेंट्स ने यह भी माना कि जब उन्होंने घर पर तनाव की बात बताई, तो उनकी भावनाओं को गंभीरता से नहीं लिया गया। ऐसे में बच्चे खुद को अकेला महसूस करने लगते हैं।
माता-पिता कैसे करें मदद?
विशेषज्ञों के मुताबिक, बच्चों को हर समय डांटने या सिर्फ नंबरों की बात करने के बजाय उन्हें समझने की जरूरत है। माता-पिता को रोज बच्चों से खुलकर बात करनी चाहिए और ऐसा माहौल बनाना चाहिए, जहां बच्चा बिना डर अपनी परेशानी बता सके। बच्चों की तुलना दूसरों से नहीं करनी चाहिए। सिर्फ रिजल्ट नहीं, बल्कि उनकी मेहनत की भी तारीफ करनी जरूरी है। अगर बच्चा लंबे समय तक उदास दिखे या उसके व्यवहार में बदलाव नजर आए, तो उसे हल्के में न लें। कई बार सिर्फ प्यार से सुन लेना भी बच्चे का काफी तनाव कम कर देता है।
बच्चों को यह एहसास दिलाना जरूरी है कि उनकी पहचान सिर्फ नंबरों से नहीं, बल्कि उनकी मेहनत, सोच और व्यक्तित्व से होती है।
