Healthy cooking खाने का सही स्वाद सिर्फ अच्छी सामग्री से ही नहीं, बल्कि उसे पकाने के लिए इस्तेमाल किए जाने वाले बर्तन से भी जुड़ा होता है। भारतीय घरों में लोहे की कढ़ाई को सेहत के लिए अच्छा माना जाता है, लेकिन हर सब्जी इसमें नहीं बनानी चाहिए। कुछ चीजें लोहे की कढ़ाई में पकाने से उनकी पौष्टिकता, रंग और स्वाद बदल सकता है, जिससे सेहत पर भी असर पड़ सकता है। आइए जानते हैं किन चीजों को लोहे की कढ़ाई में नहीं पकाना चाहिए।
लोहे की कढ़ाई में न पकाएं ये चीजें
टमाटर की सब्जी
टमाटर को लोहे की कढ़ाई में पकाने से इसके स्वाद में बदलाव आ सकता है। टमाटर में तेज अम्लीय तत्व होते हैं, जो लोहे से प्रतिक्रिया करके मेटलिक स्वाद दे सकते हैं। इससे न सिर्फ सब्जी का असली स्वाद खराब होता है, बल्कि उसमें हल्की कड़वाहट भी आ सकती है।
पालक की सब्जी
पालक में ऑक्जेलिक एसिड की मात्रा अधिक होती है, जो लोहे के साथ मिलकर सब्जी के रंग और स्वाद को बदल सकता है। इस वजह से पालक की सब्जी काली पड़ सकती है और स्वाद भी कम हो सकता है। बेहतर होगा कि इसे स्टील या एल्यूमिनियम के बर्तन में पकाया जाए।
खट्टे फूड्स
इमली, नींबू, टमाटर, या अन्य खट्टी चीजों को लोहे की कढ़ाई में पकाना सही नहीं माना जाता। इन चीजों में मौजूद एसिड लोहे से क्रिया कर सकता है, जिससे खाना कड़वा या काले रंग का हो सकता है। खट्टी चीजों को मिट्टी या एल्यूमिनियम के बर्तन में पकाना ज्यादा सही होता है।
लोहे के बर्तन इस्तेमाल करते समय इन बातों का रखें ध्यान
खाना बनने के तुरंत बाद उसे किसी दूसरे बर्तन में निकाल लें, ताकि लोहे की प्रतिक्रिया से उसका स्वाद न बदले।
लोहे के बर्तन को धोने के बाद तुरंत कपड़े से पोंछ लें, वरना उसमें नमी रह सकती है, जिससे जंग लगने का खतरा रहता है।
लोहे के बर्तनों को स्टोर करने से पहले उन पर हल्की सरसों के तेल की परत लगा दें, इससे वे ज्यादा समय तक खराब नहीं होंगे।
क्या लोहे की कढ़ाई सेहत के लिए अच्छी है?
लोहे की कढ़ाई में खाना पकाने से शरीर को आयरन की अच्छी मात्रा मिलती है, जो रक्त की कमी (एनीमिया) से बचाने में मदद करता है। लेकिन कुछ चीजें ऐसी होती हैं, जो इसमें पकाने से नुकसानदायक हो सकती हैं। इसलिए जरूरी है कि सही चीजों को सही बर्तन में पकाया जाए, ताकि खाना स्वादिष्ट और सेहतमंद बना रहे।
Disclaimer: यहां दी गई जानकारी सामान्य मान्यताओं पर आधारित है news1india इन मान्यताओं की पुष्टि नहीं करता है. यहां पर दी गई किसी भी प्रकार की जानकारी को अमल में लाने से पहले संबंधित विशेषज्ञ से सलाह अवश्य ले लें।