Site icon News1India

उत्तर कोरिया में कोरोना का फीवर लाखों पार, किम ने दी चेतावनी

प्‍योंगयांग (एजेंसियां) देश की सरकारी समाचार एजेंसी केसीएनए के मुताबिक बीते 24 घंटों के दौरान देश में कोरोना के 392920 नए मामले सामने आए हैं। इसके बाद देश में कुल संक्रमित मरीजों की संख्‍या 1213550 हो गई है। इस दौरान देश में आठ लोगों की मौत भी हुई है। केसीएनए ने बताया है कि देश में बीते 24 घंटों के दौरान 152600 मरीज ठीक भी हुए हैं। एजेंसी की मानें तो देश में अब तक करीब साढ़े छह लाख मरीज इससे ठीक हो चुके हैं जबकि 5.64 लाख से अधिक मरीजों का इलाज चल रहा है। इसको देखते हुए राष्‍ट्राध्‍यक्ष किम जोंग उन (Kim Jong Un) ने सख्‍त आदेश जारी किए हैं।

किम के सख्‍त आदेश

उन्‍होंने अधिकारियों को ये साफ निर्देश दिए हैं कि कोरोना रोकथाम को लेकर जितने भी सख्‍त कदम उठाए जा सकते हैं और जिनकी जरूरत महसूस होती है, उठाए जाने चाहिए। एएफपी ने स्‍टेट मीडिया के हवाले से बताया कि किम जोंग उन ने सेना को दवा वितरण का निर्देश भी दिया है। एएफपी ने बताया कि देश में कोरोना महामारी से अब तक 50 मौत हो चुकी हैं।

किम ने की बैठक

कोरोना महामारी की रोकथाम के मद्देनजर किम जोंग उन ने सेंट्रल कमेटी आफ द वर्कर्स पार्टी आफ कोरिया की पोलित ब्‍यूरो की बैठक रविवार को दोबारा बुलाई थी, जिसमें कोरोना महामारी की रोकथाम के उपायों पर चर्चा की गई। इस बैठक में स्‍वास्‍थ्‍य मंत्रालय से जुडे़ कई वरिष्‍ठ अधिकारियों ने भी हिस्‍सा लिया था। इस बैठक में भी किम ने अधिकारियों, मंत्रियों को स्‍पष्‍ट शब्‍दों में दवाओं की निर्बाध सप्‍लाई करने और लगातार महामारी की स्थिति पर निगाह रखने के निर्देश दिए। इसमें सभी राज्‍यों को समय से दवाओं की आपूर्ति सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए गए हैं।

24 घंटे खुलेंगी दवा दुकानें 

किम ने इस बैठक में सभी दवा दुकानों को 24 घंटे खोलने का भी हुक्‍म जारी किया है। इस मौके पर उन्‍होंने सभी अधिकारियों और मंत्रियों को कोरोना महामारी को रोकने में किसी भी तरह की कोई चूक न करने की चेतावनी भी दी है। उन्‍होंने कहा है कि यदि कोई अपनी जिम्‍मेदारी का वहन ठीक से नहीं करता पाया गया तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। 

(By: ABHINAV SHUKLA)

Exit mobile version