Site icon News1India

पाकिस्तान की गोलीबारी में सरकारी अधिकारी की गई जान, उमर अब्दुल्ला बोले- ‘शब्द नहीं, सिर्फ आक्रोश है

Omar Abdullah

Omar Abdullah : जम्मू-कश्मीर के राजौरी जिले में पाकिस्तान की ओर से हुई गोलीबारी में एक वरिष्ठ सरकारी अधिकारी की दर्दनाक मौत हो गई है। मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने इस दुखद घटना की पुष्टि करते हुए गहरा शोक जताया है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर एक भावुक पोस्ट साझा की, जिसमें उन्होंने लिखा,

राजौरी से बेहद दुखद समाचार मिला है। हमने जम्मू-कश्मीर प्रशासनिक सेवा के एक कर्मठ अधिकारी को खो दिया। कल तक वे उपमुख्यमंत्री के साथ जिले का दौरा कर रहे थे और मेरी अध्यक्षता में आयोजित एक ऑनलाइन बैठक में भी शामिल हुए थे। लेकिन आज उनके आवास पर पाकिस्तान की ओर से की गई गोलीबारी में हमारे अतिरिक्त जिला विकास आयुक्त, राज कुमार थप्पा, शहीद हो गए। यह क्षति बेहद पीड़ादायक है और मेरे पास अपने दुख को व्यक्त करने के लिए शब्द नहीं हैं। ईश्वर दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करें।”

यह भी पढ़ें : करतारपुर कॉरिडोर के पास धमाका.. बाड़मेर में रेड अलर्ट, PAK के हर मोर्चे…

इस बीच, पाकिस्तान की ओर से लगातार हो रही गोलाबारी ने सीमावर्ती इलाकों में दहशत फैला दी है। जम्मू क्षेत्र के कम से कम पाँच जिलों से लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जा रहा है। नियंत्रण रेखा और अंतरराष्ट्रीय सीमा पर पाकिस्तानी सेना द्वारा लगातार मोर्टार और गोले दागे जा रहे हैं, जिससे पुंछ, मनकोट, मेंढर, नौशेरा, अखनूर, आर.एस. पुरा, अरनिया, सांबा, कठुआ सहित कई क्षेत्रों में जान-माल का नुकसान हुआ है। सीएम उमर अब्दुल्ला ने पाकिस्तान की इन उकसावेभरी हरकतों पर कड़ा रुख अपनाते हुए कहा है, “भारत को अपने नागरिकों और क्षेत्र की सुरक्षा के लिए हरसंभव कदम उठाने का पूरा अधिकार है।”

Exit mobile version