24 Dead Bodies: नेपाल बाढ़ की खौफनाक तस्वीर, एक ही घर से मिले 24 शव, 987 मौतों से दहला देश

नेपाल में भीषण बाढ़ और भूस्खलन के बीच नुवाकोट में एक घर से 24 शव मिलने से हड़कंप मच गया है। त्रासदी में 987 मौतें, हजारों लोग लापता और बचाव अभियान जारी है।

Nepal Flood Disaster

 Nepal Flood Disaster:नेपाल में बाढ़ ने ऐसी तबाही मचाई है, जिसकी तस्वीरें देखकर हर कोई सन्न रह गया है। नुवाकोट जिले की बिदुर नगरपालिका के बेत्राबती इलाके में एक ही घर के अंदर से 24 शव बरामद होने की सूचना सामने आई है। यह घर किसी होटल या गेस्टहाउस का हिस्सा होने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस की टीम अभी भी पूरे भवन की तलाशी में जुटी है और मृतकों की पहचान की प्रक्रिया जारी है।

घर में जारी तलाशी

नुवाकोट के जिला पुलिस कार्यालय के पुलिस अधीक्षक बिपिन रेग्मी के मुताबिक, सोमवार को वार्ड नंबर 10 में स्थित इस घर से 24 शव मिले। उन्होंने बताया कि मकान की तलाशी अभी पूरी नहीं हुई है। अधिकारियों को आशंका है कि अंदर और भी लोग फंसे हो सकते हैं। फिलहाल घर के मालिक की पहचान नहीं हो सकी है। शुरुआती जांच में यह इमारत होटल या गेस्टहाउस जैसी दिखाई दे रही है।

तीन जिले प्रभावित

नेपाल में पिछले बुधवार आई विनाशकारी बाढ़ ने रसुवा, नुवाकोट और धादिंग में बड़े पैमाने पर नुकसान पहुंचाया है। कई इलाकों में घर, सड़कें और दूसरी इमारतें पानी और मलबे की चपेट में आ गईं। बाढ़ के पानी के साथ बहकर आए शव अब अलग-अलग स्थानों से बरामद हो रहे हैं। इससे राहत और बचाव टीमों के सामने चुनौती और बढ़ गई है।

हजारों अब लापता

इस प्राकृतिक आपदा में अब तक 987 लोगों की मौत की जानकारी सामने आई है, जबकि 3,916 लोग अभी भी लापता बताए जा रहे हैं। राहत की बात यह है कि 11,814 लोगों को सुरक्षित निकाला जा चुका है। हादसे में 279 लोग घायल हुए हैं। लापता लोगों की तलाश के लिए प्रभावित क्षेत्रों में बड़े स्तर पर सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है।

सुरंगों में बचाव

नेपाल सेना, नेपाल पुलिस और सशस्त्र पुलिस बल की टीमें लगातार राहत और बचाव अभियान चला रही हैं। रसुवा में कई पनबिजली परियोजनाओं की सुरंगों में लोगों के फंसे होने की जानकारी है। इन्हें सुरक्षित बाहर निकालने के लिए बचाव दल लगातार काम कर रहे हैं। प्रशासन के सामने सबसे बड़ी चुनौती दुर्गम इलाकों तक पहुंचना और मलबे के बीच फंसे लोगों को तलाशना है।

नेपाल त्रासदी एक नजर में

987 लोगों की मौत
3,916 लोग अब भी लापता
11,814 लोगों का रेस्क्यू
279 लोग घायल
नुवाकोट में एक घर से 24 शव बरामद
रसुवा, नुवाकोट और धादिंग में भारी तबाही
सुरंगों में फंसे लोगों के लिए बचाव अभियान जारी

Exit mobile version