Site icon News1India

Nigeria में हुआ भयानक टैंकर धमाका, मरने वालों की संख्या 86 के पार

Nigeria

Nigeria : उत्तरी नाइजीरिया के नाइजर राज्य में बीते शनिवार एक पेट्रोल टैंकर पलटने और उससे रिसे पेट्रोल की वजह से हुए विस्फोट में मरने वालों की संख्या बढ़कर 86 हो गई है, जबकि 55 लोग घायल बताए जा रहे हैं। अधिकारियों के अनुसार, घायलों का इलाज सुलेजा क्षेत्र के तीन अलग-अलग अस्पतालों में किया जा रहा है। राष्ट्रीय आपातकालीन प्रबंधन एजेंसी के अधिकारियों ने बताया कि विस्फोट इतना भीषण था कि कई लोग पूरी तरह जलकर राख हो गए। इससे मृतकों की संख्या 86 से भी ज्यादा हो सकती है, लेकिन इस संबंध में सटीक जानकारी फोरेंसिक जांच के बाद ही सामने आएगी।

क्या है घटना के पीछे की वजह ?

इस हादसे के दौरान बड़ी संख्या में स्थानीय लोग घटनास्थल पर इकट्ठा हो गए थे। इनमें कुछ लोग टैंकर से पेट्रोल निकालने की कोशिश कर रहे थे, जबकि कुछ वहां तस्वीरें खींचने पहुंचे थे। इसी दौरान विस्फोट हुआ, जिसमें कई लोगों की जान चली गई।

पेट्रोल सब्सिडी हटाने का असर

गौरतलब है कि नाइजीरिया में पेट्रोल की बढ़ती कीमतों ने हालात और मुश्किल बना दिए हैं। राष्ट्रपति बोला टीनूबू के प्रशासन ने पेट्रोल पर दी जा रही सब्सिडी को हटाने का फैसला किया था, जिससे लोगों की आर्थिक परेशानियां और बढ़ गईं। इस घटना ने दिखा दिया कि पेट्रोल की बढ़ती कीमतों और इसकी कालाबाजारी ने आम जनता को किस हद तक प्रभावित किया है।

यह भी पढ़ें : 59 दिनों में आया लेडी डॉक्टर से रेप-मर्डर केस का फैसला, कोर्ट ने संजय रॉय को…

नाइजीरिया में ऐसी घटनाएं आम

नाइजीरिया में पेट्रोल टैंकरों से गैसोलीन निकालने की घटनाएं आम हो गई हैं। लोग इसे मुफ्त का ईंधन समझकर इकट्ठा कर लेते हैं या बाजार में बेचकर लाभ कमाने की कोशिश करते हैं। लेकिन ऐसी घटनाएं अक्सर जानलेवा साबित होती हैं। पिछले साल अक्तूबर में जिगावा राज्य में भी ऐसी ही एक दुर्घटना हुई थी, जिसमें 147 लोगों की मौत हो गई थी।

Exit mobile version