Kanpur house fire:कानपुर के स्वरूप नगर इलाके में सोमवार तड़के एक तीन मंजिला मकान में अचानक आग लग गई। घटना के समय घर में रहने वाले दोनों परिवार गहरी नींद में सो रहे थे। नीचे के हिस्से से धुआं और लपटें उठने पर एक व्यक्ति की नींद खुली। उन्होंने शोर मचाकर सभी को जगाया और तुरंत पुलिस व फायर ब्रिगेड को सूचना दी। दमकल की टीम ने करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद दोनों परिवारों और उनके दो पालतू कुत्तों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
सुबह पांच बजे लगी आग
स्वरूप नगर में गैस्ट्रो लीवर अस्पताल के पास स्थित इस तीन मंजिला मकान में पंकज अग्रवाल और दीपक खन्ना के परिवार रहते हैं। पंकज अग्रवाल के परिवार में उनकी पत्नी मीना और बेटी मौली हैं। वहीं दीपक खन्ना के परिवार में पत्नी अन्नू खन्ना, बेटे करन, नम्रता, आरवी खन्ना और अंकित समेत अन्य लोग रहते हैं।
सोमवार सुबह करीब पांच बजे मकान के निचले हिस्से में शॉर्ट सर्किट के कारण आग लगने की बात सामने आई है। उस समय सभी लोग सो रहे थे। नीचे से धुआं और आग की लपटें देखकर दीपक की नींद खुली। उन्होंने तुरंत शोर मचाया और घर में मौजूद सभी लोगों को जगाया।
दमकल ने शुरू किया रेस्क्यू
आग की सूचना मिलते ही स्वरूप नगर पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। मुख्य अग्निशमन अधिकारी दीपक शर्मा के नेतृत्व में कर्नलगंज और लाटूश रोड फायर स्टेशन से दमकल की गाड़ियां भेजी गईं। रेस्क्यू वैन भी मौके पर पहुंची।
मकान में धुआं ज्यादा भर चुका था, जिससे अंदर जाकर राहत और बचाव कार्य करना मुश्किल हो रहा था। दमकलकर्मियों ने सीढ़ी लगाकर घर में फंसे लोगों को बाहर निकालना शुरू किया। जवानों ने पहले दोनों परिवारों को सुरक्षित बाहर निकाला। इसके बाद घर में मौजूद दोनों पालतू कुत्तों को भी सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
धुएं के बीच बुझाई आग
मकान के अंदर धुआं भर जाने के कारण दमकलकर्मियों को सांस लेने में काफी परेशानी हो रही थी। इसके बावजूद जवानों ने सुरक्षा उपकरणों का इस्तेमाल करते हुए अंदर जाकर आग बुझाने का काम जारी रखा।
बचाव अभियान के दौरान दमकलकर्मियों ने ब्रीदिंग ऑपरेटिंग सेट पहनकर मकान के अंदर प्रवेश किया। करीब एक घंटे तक चले अभियान के बाद आग पर काबू पा लिया गया। समय रहते दोनों परिवारों को बाहर निकाल लिए जाने से बड़ा हादसा टल गया।
सभी लोग सुरक्षित
मुख्य अग्निशमन अधिकारी दीपक शर्मा ने बताया कि सूचना मिलते ही दमकल की टीम मौके पर पहुंच गई थी। रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान मकान में फंसे सभी लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। दोनों पालतू कुत्तों को भी बचा लिया गया और इसके बाद आग पर काबू पाया गया।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट बताई जा रही है। हालांकि आग से मकान में कितना नुकसान हुआ है, इसकी पूरी जानकारी जांच के बाद सामने आएगी। घटना के दौरान किसी व्यक्ति के हताहत होने की सूचना नहीं है।









