Site icon News1India

Haryana Election 2024 : ‘हरियाणा में भी बनेगी AAP की सरकार’, केजरीवाल ने लोगों से की ये अपील…

Kejriwal, Arvind Kejriwal

Haryana Election 2024 : हरियाणा में विधानसभा चुनाव के मद्देनज़र आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल ने रोड शो और जनसभाएं शुरू कर दी हैं।

मंगलवार को केजरीवाल सिरसा जिले के रानिया क्षेत्र पहुंचे, जहां उन्होंने पार्टी उम्मीदवार के समर्थन में रोड शो किया। उन्होंने कहा कि हरियाणा की अगली सरकार आम आदमी पार्टी के समर्थन के बिना नहीं बन सकती।

केजरीवाल ने यह भी स्पष्ट किया कि उनसे किसी ने दिल्ली के मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा नहीं मांगा था, और उन्होंने स्वेच्छा से इस्तीफा दिया था। उन्होंने कहा कि वे सत्ता के भूखे नहीं हैं। उन्होंने दिल्ली के मतदाताओं से कहा था कि वह तभी मुख्यमंत्री पद पर लौटेंगे जब जनता उन्हें फिर से चुनेगी। खुद को हरियाणा का बेटा बताते हुए केजरीवाल ने कहा कि उन्होंने दिल्ली और पंजाब में सरकार बनाई है, और अब वे रानिया की सीट जीतने का आह्वान कर रहे हैं।

रानिया सीट पर मची होड़

रानिया सीट पर कड़ी प्रतिस्पर्धा देखने को मिल रही है। यहां आम आदमी पार्टी के हरपिंदर सिंह उम्मीदवार हैं, जबकि इनेलो से अर्जुन चौटाला और रंजीत सिंह चौटाला निर्दलीय चुनाव लड़ रहे हैं। भाजपा ने शीशपाल कंबोज को उम्मीदवार बनाया है, और कांग्रेस से सर्वमित्र कंबोज मैदान में हैं। हरियाणा में इनेलो का बसपा के साथ गठबंधन है। अभय सिंह चौटाला के बेटे अर्जुन, रंजीत चौटाला के पोते हैं।

2019 के चुनाव में चौधरी देवीलाल के बेटे रंजीत सिंह चौटाला ने यहां से जीत हासिल की थी, लेकिन बाद में उन्होंने भाजपा को समर्थन देने का निर्णय लिया। हालांकि, उन्हें भाजपा से टिकट नहीं मिलने की आशंका के कारण रंजीत चौटाला ने निर्दलीय चुनाव लड़ने की घोषणा कर दी। रंजीत पूर्व मुख्यमंत्री ओमप्रकाश चौटाला के छोटे भाई हैं।

यह भी पढ़ें : लिव-इन पार्टनर के खिलाफ कार्रवाई की मांग, महिला ने कलक्ट्रेट में खाया जहर

AAP ने यमुनानगर से शुरु किया चुनावी अभियान

हरियाणा चुनाव में आम आदमी पार्टी ने सभी सीटों पर अपने उम्मीदवार खड़े किए हैं, लेकिन कुछ सीटों पर पार्टी का मुख्य ध्यान केंद्रित किया है, जिनमें रानिया भी शामिल है। इससे पहले, केजरीवाल ने यमुनानगर के जगादरी से चुनावी अभियान की शुरुआत की। इसके बाद, उन्होंने सिरसा के डबवाली में प्रचार किया। जगादरी में केजरीवाल ने AAP के उम्मीदवार आदर्श पाल के समर्थन में एक बड़ा रोड शो आयोजित किया।

उन्होंने अपने जेल के अनुभव साझा करते हुए कहा कि हरियाणा के खून ने उन्हें टूटने नहीं दिया। साथ ही, केजरीवाल ने जगादरी के मौजूदा विधायक कंवरपाल गुर्जर पर विकास कार्य न कराने का आरोप लगाया।

Exit mobile version