Hidma Naxalite Killed: आंध्र प्रदेश के अल्लूरी सीताराम राजू जिले के मरेडपल्ली में मंगलवार सुबह सुरक्षा बलों और नक्सलियों के बीच हुई एक बड़ी मुठभेड़ में सुरक्षा बलों को निर्णायक सफलता मिली है। बस्तर के आईजी सुंदरराज पी ने इस बात की पुष्टि की है कि 1 करोड़ रुपये के इनामी और देश के सबसे वांछित नक्सली कमांडर हिडमा को इस भिड़ंत में मार गिराया गया है।
हिडमा कम से कम 26 बड़े और घातक हमलों का मास्टरमाइंड था, जिनमें 2013 का झीरम घाटी नरसंहार और 2017 का सुकमा हमला शामिल है। इस ऑपरेशन में मारे गए छह नक्सलियों में हिडमा की पत्नी राजे (जिस पर 40 लाख का इनाम था) और स्पेशल जोनल कमेटी के सदस्य चल्लुरी नारायण उर्फ सुरेश भी शामिल हैं। हिडमा की मौत को माओवादी संगठन के लिए एक बड़ा और निर्णायक झटका माना जा रहा है।
हिडमा: 26 बड़े घातक हमलों का जिम्मेदार
Hidma कई वर्षों से सुरक्षा बलों के लिए सबसे बड़े खतरे के रूप में जाना जाता था। उसका असली नाम संतोष बताया जाता है, और वह सीपीआई (माओवादी) की सेंट्रल कमेटी का सबसे युवा सदस्य था। वह पीएलजीए बटालियन नंबर 1 का प्रमुख था, जिसे माओवादियों की सबसे घातक हमलावर इकाई माना जाता है।
वो हमले जिनमें हिडमा रहा मुख्य साजिशकर्ता:
2010 दंतेवाड़ा हमला: इस हमले में 76 सीआरपीएफ जवान शहीद हुए थे।
2013 झीरम घाटी नरसंहार: इस घटना में शीर्ष कांग्रेस नेताओं सहित 27 लोग मारे गए थे।
2021 सुकमा-बीजापुर मुठभेड़: इस भिड़ंत में 22 सुरक्षा कर्मी शहीद हुए थे।
हिडमा का बैकग्राउंड और पहचान
Hidma का जन्म 1981 में छत्तीसगढ़ के सुकमा जिले के पूवर्ति गांव में हुआ था। वह बस्तर क्षेत्र से सेंट्रल कमेटी में पहुंचने वाला एकमात्र आदिवासी था। मुठभेड़ में मारी गई उसकी पत्नी राजे को राजक्का के नाम से भी जाना जाता था। इस मुठभेड़ में मारे गए अन्य नक्सलियों की पहचान भी की जा रही है, जिनमें टेक शंकर भी शामिल है।
हाल की सफलता: रविवार को भी मारे गए थे 3 नक्सली
इस बड़ी सफलता से ठीक पहले, छत्तीसगढ़ के सुकमा जिले में रविवार को भी सुरक्षा बलों को कामयाबी मिली थी। जिला रिजर्व गार्ड (डीआरजी) की टीम ने एक मुठभेड़ में तीन नक्सलियों को मार गिराया था, जिन पर कुल 15 लाख रुपये का इनाम था।
मारे गए नक्सली: मादवी देवा, पोडियाम गंगी और सोढ़ी गंगी।
इनमें से देवा स्नाइपर विशेषज्ञ था और माओवादियों की कोंटा एरिया कमेटी का खूंखार सदस्य था।
मुठभेड़ स्थल से .303 राइफल, बीजीएल (बैरल ग्रेनेड लॉन्चर) और अन्य हथियार बरामद किए गए थे।



