Skin Care Tips: गर्मी के मौसम में त्वचा को खास देखभाल की जरूरत होती है। तेज धूप, पसीना और धूल-मिट्टी के कारण स्किन बेजान और टैनिंग का शिकार हो जाती है। ऐसे में लोग अक्सर महंगे ब्यूटी प्रोडक्ट्स का इस्तेमाल करते हैं, लेकिन कुछ घरेलू उपाय भी त्वचा की देखभाल में काफी असरदार साबित हो सकते हैं। इन्हीं आसान उपायों में से एक है सेब के छिलके का इस्तेमाल।
अक्सर लोग सेब को छीलकर खाते हैं और उसके छिलकों को फेंक देते हैं, जबकि सेब के छिलकों में विटामिन C, एंटीऑक्सीडेंट और नेचुरल एसिड पाए जाते हैं, जो त्वचा को साफ, चमकदार और हेल्दी बनाने में मदद करते हैं। गर्मियों में इनका उपयोग स्किन केयर के लिए कई तरीकों से किया जा सकता है।
सेब के छिलके से बनाएं स्क्रब
सेब के छिलके से बना स्क्रब डेड स्किन हटाने और टैनिंग कम करने में सहायक माना जाता है। इसके लिए सेब के छिलकों को सुखाकर उनका पाउडर बना लें। इसमें एक चम्मच चीनी और थोड़ा सा शहद मिलाकर चेहरे पर हल्के हाथों से 2-3 मिनट तक मसाज करें और फिर धो लें। इससे त्वचा में निखार आता है।
सेब के छिलके से बनाएं आइस क्यूब
गर्मी के मौसम में सेब के छिलकों के पानी से बने आइस क्यूब चेहरे को ठंडक देने के साथ अतिरिक्त तेल और पसीने को कम करने में मदद कर सकते हैं। इसके लिए सेब के छिलकों को पानी में उबालकर ठंडा करें और उस पानी को आइस ट्रे में जमाकर चेहरे पर इस्तेमाल करें।
सेब के छिलके से तैयार करें टोनर
सेब के छिलकों को पानी में उबालकर तैयार किया गया टोनर त्वचा को फ्रेश रखने और पोर्स टाइट करने में सहायक माना जाता है। इस पानी को छानकर बोतल में भर लें और कॉटन की मदद से चेहरे पर लगाएं।
इसे फ्रिज में 4-5 दिन तक स्टोर किया जा सकता है। इस तरह सेब के छिलकों का सही उपयोग करके आप गर्मियों में बिना ज्यादा खर्च किए अपनी त्वचा को नेचुरल तरीके से हेल्दी और ग्लोइंग बना सकते हैं।





