Special Train: गर्मी के मौसम में यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए रेलवे ने खास सुविधा शुरू की है। यात्रियों की परेशानी कम करने के लिए योग नगरी ऋषिकेश–मुजफ्फरपुर–योग नगरी ऋषिकेश ग्रीष्मकालीन स्पेशल ट्रेन (04314/04313) चलाई जाएगी।
रेलवे के जनसंपर्क अधिकारी अशोक कुमार ने बताया कि यह ट्रेन 16 अप्रैल से 12 जुलाई तक योग नगरी ऋषिकेश से हर गुरुवार और रविवार को चलेगी। वापसी में यह ट्रेन 17 अप्रैल से 13 जुलाई तक मुजफ्फरपुर से हर शुक्रवार और सोमवार को चलेगी। इस दौरान ट्रेन कुल 26 फेरे लगाएगी।
ट्रेन का रूट और समय
04314 योग नगरी ऋषिकेश–मुजफ्फरपुर स्पेशल
प्रस्थान योग नगरी ऋषिकेश से दोपहर 3:20 बजे होगा। रास्ते में हरिद्वार, मुरादाबाद, बरेली, शाहजहांपुर, सीतापुर, गोंडा, बस्ती और गोरखपुर स्टेशन पर ठहराव रहेगा। सिवान सुबह 7:05 बजे पहुंचेगी। इसके बाद छपरा और हाजीपुर होते हुए मुजफ्फरपुर सुबह 11:20 बजे पहुंचेगी।
वापसी का समय
04313 मुजफ्फरपुर–योग नगरी ऋषिकेश स्पेशल
यह ट्रेन मुजफ्फरपुर से दोपहर 2:00 बजे चलेगी। छपरा शाम 5:45 बजे और सिवान शाम 6:35 बजे पहुंचेगी। अगले दिन सुबह 11:15 बजे योग नगरी ऋषिकेश पहुंचेगी।
इस स्पेशल ट्रेन में कुल 18 कोच लगाए जाएंगे। इनमें 1 एसी द्वितीय श्रेणी, 1 एसी तृतीय श्रेणी, 10 स्लीपर कोच, 4 सामान्य द्वितीय श्रेणी और 2 एसएलआर कोच शामिल हैं।
यात्रियों को मिलेगा बड़ा फायदा
इस ट्रेन के चलने से खासकर सिवान, छपरा और मुजफ्फरपुर के यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी। गर्मी के मौसम में टिकट की ज्यादा मांग रहती है, ऐसे में यह स्पेशल ट्रेन यात्रा को आसान बनाएगी और लोगों को अतिरिक्त सुविधा देगी।
