Interesting Fact: दोस्त हर किसी की जिंदगी में जरूरी होते हैं। कुछ दोस्त हमें खुशी देते हैं, हमारी मदद करते हैं और मुश्किल वक्त में साथ खड़े रहते हैं। लेकिन कुछ लोग ऐसे भी होते हैं जो दोस्ती का दिखावा तो करते हैं, लेकिन असल में हमारे लिए सही नहीं होते। ऐसे लोगों को ‘फ्रेनेमी’ कहा जाता है यानी दोस्त के रूप में छुपे दुश्मन। ये लोग सामने से अच्छे बनते हैं, लेकिन अंदर ही अंदर आपकी बुराई करते हैं, आपको नीचा दिखाने की कोशिश करते हैं और जलन महसूस करते हैं। इन्हें पहचानना मुश्किल होता है क्योंकि ये चालाकी से अपनी असली सोच छुपाते हैं। आइए जानते हैं ऐसे लोगों को कैसे पहचाना जाए
असंगत व्यवहार
फ्रेनेमी लोगों का व्यवहार एक जैसा नहीं रहता। कभी वे बहुत प्यार से पेश आते हैं, तो कभी बिना किसी कारण के आपको नजरअंदाज करने लगते हैं। यह आपको भ्रमित कर सकता है कि वे आपके सच्चे दोस्त हैं या नहीं। उनके इस बदलते रवैये से तनाव बढ़ सकता है और आपको अपने रिश्ते को लेकर संदेह होने लगता है।
पीठ पीछे बुराई करना
ऐसे लोग सामने से तो अच्छे बनते हैं, लेकिन आपकी गैरमौजूदगी में आपकी बुराई करते हैं। वे अफवाहें फैलाते हैं या आपके राज दूसरों को बता देते हैं। जब आपको इन चीजों का पता चलता है, तो दुख होता है और आपको एहसास होता है कि वे भरोसे के लायक नहीं हैं।
जरूरत पड़ने पर गायब
असली दोस्त मुश्किल समय में साथ खड़े रहते हैं, लेकिन फ्रेनेमी ऐसा नहीं करते। जब आपको उनकी जरूरत होती है, तो वे बहाने बनाने लगते हैं या गायब हो जाते हैं। लेकिन जब खुद को मदद चाहिए होती है, तो सबसे पहले आप ही के पास आते हैं। यह रिश्ता एकतरफा होता है, जहां सिर्फ आप ही दोस्ती निभाते हैं।
मीठे बोल में छुपी चुभन
ऐसे लोग अक्सर झूठी तारीफ करते हैं जो सुनने में अच्छी लग सकती है, लेकिन असल में उसमें एक तरह की चुभन होती है। जैसे ,तुम आज कितने अच्छे लग रहे हो, एकदम अलग दिख रहे हो! यह तारीफ कम और छिपा हुआ तंज ज्यादा होता है।
मजाक के नाम पर अपमान
फ्रेनेमी लोग मजाक के बहाने आपका अपमान करते हैं। वे ऐसा कुछ कहेंगे जिससे आप असहज महसूस करें और फिर कहेंगे, अरे, मजाक कर रहा था लेकिन असल में उनका मकसद आपको नीचा दिखाना होता है। अगर कोई दोस्त हमेशा ऐसा करता है, तो समझ जाइए कि वह फ्रेनेमी है।