CRPF Constable Recruitment 2026: अगर आप सरकारी नौकरी की तलाश कर रहे हैं और रक्षा क्षेत्र में करियर बनाना चाहते हैं, तो आपके लिए अच्छी खबर है। केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) ने सिपाही के कई पदों पर भर्ती का नोटिफिकेशन जारी कर दिया है। इस भर्ती के जरिए कुल 9,195 पद भरे जाएंगे, जिससे हजारों युवाओं को नौकरी का मौका मिलेगा।
कब से शुरू होगी आवेदन प्रक्रिया
इस भर्ती के लिए आवेदन पूरी तरह ऑनलाइन होंगे। उम्मीदवार आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर फॉर्म भर सकते हैं। नोटिफिकेशन 8 अप्रैल 2026 को जारी किया गया है। आवेदन प्रक्रिया 20 अप्रैल 2026 से शुरू होगी और 19 मई 2026 तक चलेगी। इसलिए समय रहते आवेदन करना जरूरी है।
कौन-कौन से पद हैं शामिल
इस भर्ती में अलग-अलग तरह के पद रखे गए हैं। कांस्टेबल (तकनीकी और ट्रेड्समैन) के लिए 9,175 पद हैं, जिनमें पुरुषों के लिए ज्यादा सीटें हैं और महिलाओं के लिए 79 पद तय किए गए हैं। इसके अलावा पायनियर विंग में कुल 20 पद हैं, जो सिर्फ पुरुष उम्मीदवारों के लिए हैं। इनमें मेसन और इलेक्ट्रीशियन के पद शामिल हैं।
कितनी मिलेगी सैलेरी
चयनित उम्मीदवारों को सातवें वेतन आयोग के अनुसार सैलरी मिलेगी। पे लेवल-3 के तहत शुरुआती वेतन 21,700 रुपये से लेकर 69,100 रुपये तक होगा। इसके अलावा अन्य सरकारी भत्ते भी दिए जाएंगे, जिससे कुल आय और बढ़ जाएगी।
योग्यता क्या होनी चाहिए
अधिकतर पदों के लिए उम्मीदवार का 10वीं पास होना जरूरी है। ड्राइवर पद के लिए भारी वाहन चलाने का लाइसेंस होना चाहिए। मैकेनिक पद के लिए संबंधित ट्रेड में ITI या अप्रेंटिसशिप जरूरी है। बाकी पदों के लिए काम की बेसिक जानकारी होना जरूरी है।
आयु सीमा की जानकारी
ड्राइवर पद के लिए उम्र 21 से 27 साल के बीच होनी चाहिए। अन्य सभी पदों के लिए उम्र 18 से 23 साल तय की गई है। आरक्षित वर्ग के उम्मीदवारों को सरकारी नियमों के अनुसार उम्र में छूट दी जाएगी।
कैसे होगा चयन
इस भर्ती में चयन प्रक्रिया कई चरणों में पूरी होगी। सबसे पहले लिखित परीक्षा होगी, जिसमें 100 अंकों के सवाल पूछे जाएंगे। इसके बाद शारीरिक परीक्षण होगा, जिसमें दौड़ और शरीर की माप की जांच होगी। फिर संबंधित काम की स्किल टेस्ट ली जाएगी। आखिर में दस्तावेज जांच और मेडिकल टेस्ट होगा।
शारीरिक मानक जरूरी
पुरुष उम्मीदवारों के लिए न्यूनतम लंबाई 170 सेंटीमीटर रखी गई है, जबकि महिलाओं के लिए 157 सेंटीमीटर तय की गई है। इसके साथ ही फिटनेस भी जरूरी होगी।
आवेदन शुल्क कितना है
जनरल, EWS और OBC वर्ग के पुरुष उम्मीदवारों को 100 रुपये आवेदन शुल्क देना होगा। वहीं SC, ST, सभी महिला उम्मीदवारों और पूर्व सैनिकों के लिए आवेदन बिल्कुल मुफ्त रखा गया है।
ध्यान रखने वाली बात
फॉर्म भरने से पहले सभी जरूरी जानकारी और निर्देश ध्यान से पढ़ लें। छोटी सी गलती भी आपके आवेदन को रद्द कर सकती है, इसलिए सावधानी जरूरी है।



