New Rules, ड्राइविंग लाइसेंस, वाहन ट्रांसफर और परमिट नवीनीकरण नियमों में बड़े बदलाव की तैयारी, किसको मिलेगी बड़ी राहत

वाहन चालकों को राहत देने के लिए सरकार ड्राइविंग लाइसेंस की वैधता 50 वर्ष की उम्र तक बढ़ाने पर विचार कर रही है। साथ ही वाहन ट्रांसफर और परमिट नवीनीकरण की प्रक्रिया को भी पूरी तरह ऑनलाइन बनाने की तैयारी चल रही है।

देशभर के वाहन चालकों के लिए एक अच्छी खबर सामने आई है। सड़क परिवहन मंत्रालय ऐसे प्रस्तावों पर काम कर रहा है, जिनसे लोगों को आरटीओ कार्यालयों के बार-बार चक्कर लगाने से राहत मिल सकती है। सरकार ड्राइविंग लाइसेंस की वैधता बढ़ाने और कई सेवाओं को ऑनलाइन करने की दिशा में कदम उठा रही है।

50 साल की उम्र तक मान्य हो सकता है लाइसेंस

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, सड़क परिवहन मंत्रालय ड्राइविंग लाइसेंस की वैधता 50 वर्ष की उम्र तक करने की संभावना पर विचार कर रहा है। यदि यह प्रस्ताव लागू होता है, तो वाहन चालकों को बार-बार लाइसेंस नवीनीकरण की प्रक्रिया से नहीं गुजरना पड़ेगा। इससे समय और धन दोनों की बचत होगी।

ऑनलाइन होंगी कई महत्वपूर्ण सेवाएं सरकार वाहन मालिकों को और अधिक सुविधा देने के लिए गाड़ी ट्रांसफर और परमिट नवीनीकरण जैसी सेवाओं को भी ऑनलाइन करने की योजना बना रही है। इससे लोगों को आरटीओ कार्यालय जाने की जरूरत कम होगी और अधिकांश काम घर बैठे पूरे किए जा सकेंगे।

अधिकारियों का कहना है कि इन बदलावों से राज्य सरकारों की आय पर कोई असर नहीं पड़ेगा। लाइसेंस बनवाने या नवीनीकरण की फीस ऑनलाइन जमा की जा सकेगी और पूरी प्रक्रिया डिजिटल माध्यम से पूरी हो सकती है।

लापरवाह ड्राइवरों पर भी रहेगी नजर

सड़क सुरक्षा को बेहतर बनाने के लिए मंत्रालय एक नई व्यवस्था पर भी विचार कर रहा है। इसके तहत यातायात नियम तोड़ने वाले ड्राइवरों को नकारात्मक अंक दिए जा सकते हैं। यदि किसी चालक के खिलाफ बार-बार नियम उल्लंघन की शिकायतें मिलती हैं, तो उसके लाइसेंस को निलंबित या रद्द भी किया जा सकता है। सरकार का मानना है कि इससे सड़क पर लापरवाही से वाहन चलाने वालों पर प्रभावी नियंत्रण लगाया जा सकेगा।

फिलहाल कितनी होती है लाइसेंस की वैधता

वर्तमान नियमों के अनुसार, ड्राइविंग लाइसेंस की अधिकतम वैधता 20 वर्ष तक होती है। इसके बाद लाइसेंस का नवीनीकरण कराना आवश्यक होता है। मंत्रालय का कहना है कि वैधता बढ़ाने से लोगों को सुविधा मिलेगी और प्रशासनिक प्रक्रियाएं भी आसान होंगी। यह कदम सरकार की “ईज ऑफ लिविंग” पहल का हिस्सा माना जा रहा है, जिसका उद्देश्य आम लोगों के दैनिक जीवन को अधिक सरल बनाना है।

ड्राइविंग लाइसेंस बनवाने के लिए जरूरी दस्तावेज

ड्राइविंग लाइसेंस के लिए आवेदन करते समय कुछ जरूरी दस्तावेज जमा करने होते हैं।

आयु प्रमाण के लिए इनमें से कोई एक दस्तावेज जरूरी है:

आधार कार्ड, जन्म प्रमाण पत्र, 10वीं या 12वीं की मार्कशीट, पासपोर्ट।

पते के प्रमाण के लिए जरूरी दस्तावेज

आधार कार्ड, पासपोर्ट, वोटर आईडी कार्ड, हाल का बिजली या पानी का बिल, रजिस्टर्ड किरायानामा और मकान मालिक का बिजली बिल।

पहचान प्रमाण और अन्य जरूरी कागजात

आधार कार्ड, पैन कार्ड, पासपोर्ट या वोटर आईडी कार्ड पहचान प्रमाण के रूप में मान्य हैं।

इसके अलावा हाल की रंगीन पासपोर्ट साइज फोटो, स्थायी लाइसेंस के लिए मूल लर्नर लाइसेंस और 40 वर्ष से अधिक उम्र के आवेदकों के लिए डॉक्टर द्वारा प्रमाणित मेडिकल सर्टिफिकेट भी आवश्यक होता है।

Exit mobile version