Site icon News1India

Himachal में बादल फटने से मची तबाही: बाढ़ में दो की मौत, 20 लोगों के बहने की आशंका

Himachal

Himachal cloud burst: हिमाचल प्रदेश में मूसलाधार बारिश और बादल फटने की घटनाओं ने भयानक तबाही मचा दी है। कुल्लू और कांगड़ा जिले सबसे अधिक प्रभावित हुए हैं। अचानक आई बाढ़ में दो लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि करीब 20 लोग अब भी लापता हैं। मनुनी खड्ड में जलस्तर अचानक बढ़ने से इंदिरा प्रियदर्शिनी जलविद्युत परियोजना में काम कर रहे कई श्रमिक बह गए। कुल्लू में तीन जगहों पर बादल फटने की घटनाएं दर्ज की गई हैं, जिससे कई घर, स्कूल और सड़कें क्षतिग्रस्त हो गईं। राहत और बचाव कार्य युद्धस्तर पर जारी है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा और स्थानीय नेताओं ने हादसे पर शोक जताया है। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे और सतर्क रहने की चेतावनी दी है।

हिमाचल में बादल फटने से बाढ़ का कहर

Himachal प्रदेश के कांगड़ा और कुल्लू जिलों में बुधवार को अचानक बादल फटने से भारी तबाही हुई। कांगड़ा के मनुनी खड्ड में जलस्तर तेजी से बढ़ने के कारण इंदिरा प्रियदर्शिनी जलविद्युत परियोजना स्थल के पास रह रहे करीब 15-20 मजदूर बाढ़ की चपेट में आ गए। SDRF, प्रशासन और स्थानीय टीमें लगातार खोज और बचाव अभियान चला रही हैं। कांगड़ा में दो शव बरामद किए गए हैं, जबकि अन्य की तलाश जारी है। हादसे के समय बारिश के कारण परियोजना का काम रुका हुआ था और श्रमिक अस्थायी आश्रयों में ठहरे हुए थे।

कुल्लू में तीन जगह बादल फटे, घर और सड़कें तबाह

कुल्लू जिले में भी सैंज, रेहला बिहाल और गड़सा में बादल फटने की तीन घटनाएं हुईं। रेहला बिहाल में तीन लोग बाढ़ में बह गए। बंजार और मनाली में अचानक बाढ़ आ गई, जिससे ब्यास नदी का जलस्तर काफी बढ़ गया। बाढ़ के कारण मनाली-चंडीगढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त हुआ है, हालांकि आवाजाही जारी है। बंजार के विधायक सुरिंदर शौरी ने बताया कि इलाके में भारी नुकसान हुआ है और प्रशासन को जल्द से जल्द राहत कार्य शुरू करने के निर्देश दिए गए हैं।

जेपी नड्डा और स्थानीय नेताओं ने जताया दुख

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा ने Himachal  हादसे पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर कहा कि धर्मशाला के खनियारा की मनुनी खड्ड में श्रमिकों के बहने की घटना अत्यंत दुखद है। नड्डा ने शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना जताते हुए हरसंभव मदद का आश्वासन दिया। धर्मशाला के बीजेपी विधायक सुधीर शर्मा ने भी घटना पर चिंता जताई और लगभग 20 श्रमिकों के बहने की पुष्टि की।

मौसम विभाग की चेतावनी, सड़कें और नदियां खतरे में

Himachal प्रदेश के कई हिस्सों में बीते 24 घंटे में भारी बारिश रिकॉर्ड की गई। पालमपुर में 145.5 मिमी, जोगिंदरनगर में 113 मिमी, और नाहन में 99.8 मिमी बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग ने चंबा, कांगड़ा, मंडी, शिमला और सिरमौर जिलों के लिए बाढ़ की चेतावनी जारी की है। ब्यास और सतलुज नदियों का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है। लाहौल-स्पीति में भी कई सड़कें मलबे और भूस्खलन के कारण अवरुद्ध हो गई हैं। प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की है।

Delhi में 24 घंटे का मानसूनी अलर्ट, गुजरात से लेकर केरल तक मूसलाधार बारिश का दौर जारी

Exit mobile version