Site icon News1India

कुल्लू में भूस्खलन का कहर, दो मकान ढहे, मलबे में दबकर चार की दर्दनाक मौत

Himachal Pradesh

Himachal Pradesh : हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिले में एक बार फिर से भूस्खलन ने भारी तबाही मचाई है। आनी विकास खंड के निरमंड क्षेत्र की घाटू पंचायत के शर्मानी गांव में मंगलवार (9 सितंबर) की सुबह करीब 2:00 बजे अचानक भूस्खलन हुआ। ग्राम पंचायत प्रधान भोगा राम ने इस घटना की पुष्टि की है।

अब तक प्राप्त जानकारी के अनुसार, इस हादसे में एक ही परिवार के चार सदस्य मारे गए हैं, जबकि एक व्यक्ति अभी भी लापता है। हादसे के बाद से गांव में भय का माहौल बना हुआ है और लोग सहमे हुए हैं।

स्थानीय प्रशासन से मिली राहत 

स्थानीय प्रशासन को तुरंत सूचित किया गया और बचाव कार्य तेजी से चल रहा है, हालांकि क्षेत्र में हो रही भारी बारिश के कारण परिस्थितियाँ और भी कठिन हो गई हैं। प्रशासन ने स्थानीय लोगों से अपील की है कि वे सुरक्षित स्थानों पर शरण लें और किसी भी खतरे से बचने के लिए सतर्क रहें। हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने इस दर्दनाक हादसे पर गहरी संवेदनाएँ व्यक्त करते हुए ट्विटर पर लिखा, “निरमंड की घाटू पंचायत में बादल फटने से शर्मानी गांव में एक ही परिवार के चार सदस्यों की मृत्यु, एक के लापता होने और तीन के घायल होने की खबर अत्यंत दुखद है।

यह भी पढ़ें : Lucknow में रिकवरी एजेंट की सिर कूचकर हत्या, ऑफिस…

इस कठिन समय में हम प्रभावित परिवारों के साथ हैं और इस दुख की घड़ी में उनका साथ देंगे।”घटना देर रात की है, जब लोग अपने घरों में सो रहे थे। भूस्खलन के बाद कई लोग मलबे में दब गए, जिन्हें रेस्क्यू कर बाहर निकाला गया। घायल व्यक्तियों को इलाज के लिए नजदीकी निरमंड अस्पताल भेजा गया है। इस समय भी पांच लोग लापता हैं और उनकी तलाश के लिए सर्च ऑपरेशन जारी है। घटनास्थल पर पुलिस प्रशासन, राजस्व विभाग, लोक निर्माण विभाग और स्वास्थ्य विभाग की टीमें राहत कार्य में जुटी हुई हैं।

आने वाले दिनों में कैसा रहेगा मौसम ? 

मौसम विभाग ने जानकारी दी है कि मंगलवार (9 सितंबर) को कांगड़ा, शिमला और चंबा में हल्की बारिश होने की संभावना है। सुबह हल्के बादल छाए रहेंगे, और आगामी चार-पाँच दिनों तक मौसम में ऐसा ही बदलाव बने रहने का अनुमान है।इस बीच, चंबा-भरमौर नेशनल हाईवे को सोमवार (8 सितंबर) से छोटी गाड़ियों के लिए बहाल कर दिया गया है। भारी बारिश और भूस्खलन के कारण यह मार्ग 24 अगस्त से बंद था। अब इस मार्ग से सब्जी, राशन और अन्य सामान की सप्लाई शुरू हो चुकी है, और जल्द ही बड़ी गाड़ियों के लिए भी रास्ता खोल दिया जाएगा।

Exit mobile version