IndiGo Flight : गुवाहाटी से चेन्नई जा रही इंडिगो की फ्लाइट 6E 6764 को गुरुवार को उस वक्त बेंगलुरु डायवर्ट करना पड़ा, जब विमान के पायलट ने ईंधन की कमी के कारण ‘फ्यूल मेडे’ का आपात संदेश जारी किया। सूत्रों के अनुसार, चेन्नई एयरपोर्ट पर उस समय हवाई ट्रैफिक काफी ज्यादा था, जिस वजह से उड़ान को तय समय पर उतरने की अनुमति नहीं मिल पाई। विमान ने चेन्नई के ऊपर कई बार चक्कर लगाए, जिससे ईंधन की खपत बढ़ गई और स्थिति आपात हो गई। ऐसे में विमान को तत्काल प्राथमिकता देते हुए बेंगलुरु के केम्पेगौड़ा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे की ओर डायवर्ट किया गया।
फ्लाइट ने रात 8:15 बजे KIA पर सुरक्षित लैंडिंग की। लैंडिंग के बाद यात्रियों को विमान से उतारा गया, ईंधन भरा गया और यात्रियों को रिफ्रेशमेंट भी प्रदान किया गया। सभी सुरक्षा जांच और प्रक्रियाओं को पूरा करने के बाद उड़ान ने रात 10:24 बजे फिर से उड़ान भरी और चेन्नई में सुरक्षित ढंग से लैंडिंग की। इस दौरान DGCA और अन्य संबंधित एजेंसियों को पूरी जानकारी दी गई। जानकारी के मुताबिक, गुरुवार रात 8:11 बजे पायलट ने KIA को ‘फ्यूल मेडे’ संदेश भेजा था, जिससे विमान को आपात स्थिति में लैंडिंग की प्राथमिकता मिल सके।
यह भी पढ़ें : SDM ज्योति जैसा मामला फिर सुर्खियों में: नौकरी लगते ही पत्नी ने छोड़ा…
उल्लेखनीय है कि हाल के दिनों में इंडिगो की उड़ानों में लगातार तकनीकी समस्याएं सामने आ रही हैं। इसी तरह की एक घटना शुक्रवार को भी हुई, जब चेन्नई से मदुरै जा रही इंडिगो की एक अन्य फ्लाइट को तकनीकी खराबी के कारण उड़ान भरने के करीब 30 मिनट बाद वापस चेन्नई लौटना पड़ा। इस विमान में 60 से ज्यादा यात्री सवार थे और उसने सुबह 7:55 बजे चेन्नई एयरपोर्ट से उड़ान भरी थी।