PM Kisan 22nd Installment:देश के करोड़ों किसानों के लिए आज का दिन बेहद खास है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि (PM-Kisan) योजना की बहुप्रतीक्षित 22वीं किस्त जारी करने जा रहे हैं। इस किस्त के तहत किसानों के बैंक खातों में सीधे 2000 रुपये की राशि ट्रांसफर की जाएगी।
सरकार की ओर से इस अवसर पर असम की राजधानी गुवाहाटी में एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया है। बताया जा रहा है कि शाम करीब 5 बजे प्रधानमंत्री रिमोट का बटन दबाकर यह राशि किसानों के खातों में ट्रांसफर करेंगे। इस बार लगभग 18,640 करोड़ रुपये की राशि जारी की जाएगी, जिससे देशभर के 9 करोड़ से अधिक किसान परिवारों को लाभ मिलेगा।
महिला किसानों को भी मिलेगा बड़ा फायदा
इस बार की किस्त में महिला किसानों को भी बड़ी राहत मिलने जा रही है। सरकार के अनुसार करीब 2 करोड़ से अधिक महिला किसानों के खातों में भी यह आर्थिक सहायता सीधे ट्रांसफर की जाएगी। इससे ग्रामीण क्षेत्रों में महिलाओं की आर्थिक भागीदारी और सशक्तिकरण को बढ़ावा मिलेगा।
2019 में शुरू हुई थी योजना
प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की शुरुआत फरवरी 2019 में की गई थी। इस योजना का मुख्य उद्देश्य छोटे और सीमांत किसानों को आर्थिक सहायता देना है। योजना के तहत पात्र किसानों को हर साल 6000 रुपये की सहायता दी जाती है, जो तीन बराबर किस्तों में सीधे बैंक खाते में भेजी जाती है।
अब तक सरकार इस योजना के तहत किसानों को 4.09 लाख करोड़ रुपये से अधिक की राशि जारी कर चुकी है। आज की किस्त जारी होने के बाद यह आंकड़ा 4.27 लाख करोड़ रुपये के पार पहुंच जाएगा।
क्यों घटी लाभार्थियों की संख्या
हाल के वर्षों में पीएम किसान योजना के लाभार्थियों की संख्या 10.48 करोड़ से घटकर लगभग 9.35 करोड़ रह गई है। इसके पीछे कई कारण बताए जा रहे हैं।
अपात्र लोगों की पहचान
सरकार ने डेटा वेरिफिकेशन की प्रक्रिया सख्त कर दी है। जिन लोगों के परिवार में सरकारी कर्मचारी हैं, आयकरदाता हैं या जिनकी पेंशन 10,000 रुपये से अधिक है, उन्हें सूची से बाहर कर दिया गया है।
भूमि रिकॉर्ड का सत्यापन
कई किसानों के जमीन से जुड़े रिकॉर्ड डिजिटल रूप से सत्यापित नहीं थे। ऐसे मामलों में किसानों की किस्तें रोक दी गईं।
ई-केवाईसी और आधार सीडिंग
सरकार ने e-KYC अनिवार्य कर दी है। जिन किसानों का बैंक खाता आधार से लिंक नहीं है या DBT सक्रिय नहीं है, उनकी किस्त पेंडिंग में चली गई है।
किसानों के लिए जरूरी चेकलिस्ट
जिन किसानों की किस्त रुकी हुई है, उन्हें तुरंत कुछ जरूरी चीजें जांच लेनी चाहिए—
e-KYC पूरा किया है या नहीं
पोर्टल पर Land Seeding की स्थिति
बैंक खाते में आधार लिंक और DBT सक्रिय है या नहीं
आधार और पोर्टल पर नाम की स्पेलिंग एक जैसी है या नहीं
इन सभी प्रक्रियाओं को पूरा करने के बाद किसान दोबारा योजना का लाभ प्राप्त कर सकते हैं।
