Site icon News1India

PM Modi का ऐतिहासिक त्रिनिदाद-टोबैगो दौरा, कैसे हुईं सांस्कृतिक रिश्तों की नई शुरुआत

PM Modi Trinidad and Tobago Cultural and Bilateral Visit 2025

PM Modi’s Trinidad and Tobago Visit 2025: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस समय त्रिनिदाद और टोबैगो के आधिकारिक दौरे पर हैं। यह यात्रा कई मायनों में बेहद खास है क्योंकि 1999 के बाद यह किसी भारतीय प्रधानमंत्री की पहली द्विपक्षीय यात्रा है। शुक्रवार, 4 जुलाई 2025 को प्रधानमंत्री मोदी के सम्मान में वहां भव्य रात्रिभोज आयोजित किया गया। इस रात्रिभोज में उन्हें पारंपरिक तरीके से सोहारी पत्ते पर भोजन परोसा गया, जो वहां के लोगों के लिए बहुत खास महत्व रखता है।

पीएम मोदी ने इस अवसर पर कहा कि यह पत्ता त्रिनिदाद और टोबैगो में भारतीय मूल के लोगों की संस्कृति का प्रतीक है। यहां के लोग खास मौकों और त्योहारों में इसी पत्ते पर भोजन करते हैं। यह पत्ता एक उष्णकटिबंधीय पौधे से आता है, जो भारत के केले के पत्ते जैसा दिखता है। उन्होंने सोशल मीडिया पर भी अपनी इस यात्रा की कुछ तस्वीरें साझा कीं, जिनमें वे वहां की प्रधानमंत्री कमला प्रसाद बिसेसर के साथ पारंपरिक अंदाज में भोजन करते दिख रहे हैं।

राणा मोहीप से मुलाकात और सांस्कृतिक आदान-प्रदान

रात्रिभोज के दौरान प्रधानमंत्री मोदी की मुलाकात वहां के प्रसिद्ध गायक राणा मोहीप से हुई। राणा मोहीप वही कलाकार हैं, जिन्होंने महात्मा गांधी की 150वीं जयंती के अवसर पर ‘वैष्णव जन तो’ भजन गाकर भारत के साथ अपने गहरे संबंधों को दर्शाया था। मोदी ने उनकी भारतीय संगीत और संस्कृति के प्रति गहरी रुचि की तारीफ की। प्रधानमंत्री मोदी ने त्रिनिदाद और टोबैगो की प्रधानमंत्री को अयोध्या के राम मंदिर की एक सुंदर प्रतिकृति भेंट की। इसके साथ ही उन्होंने प्रयागराज के महाकुंभ का पवित्र जल और सरयू नदी का जल भी भेंट किया। पीएम मोदी ने कहा कि ये उपहार भारत और त्रिनिदाद-टोबैगो के बीच सांस्कृतिक और आध्यात्मिक रिश्तों की गहराई को दिखाते हैं।

पारंपरिक स्वागत और सुरक्षा इंतजाम

इससे पहले गुरुवार को त्रिनिदाद और टोबैगो के पिआर्को अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर प्रधानमंत्री मोदी का भव्य स्वागत किया गया। प्रधानमंत्री कमला प्रसाद बिसेसर, कई कैबिनेट मंत्री और सांसदों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। वहां उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया और पारंपरिक रीति-रिवाजों से उनका अभिनंदन किया गया।

यात्रा का महत्व

प्रधानमंत्री मोदी की यह यात्रा दोनों देशों के बीच सांस्कृतिक, आध्यात्मिक और राजनीतिक संबंधों को नई ऊंचाइयों तक ले जाने वाली है। भारत और त्रिनिदाद-टोबैगो के बीच ऐतिहासिक रूप से गहरे रिश्ते रहे हैं और इस यात्रा से इन रिश्तों को और मजबूती मिलने की उम्मीद है

Exit mobile version