Site icon News1India

उत्तर से दक्षिण तक बारिश का कहर, मौसम लेगा करवट – आज कहां बरसेगा कहर?

Weather Update Today

Weather Update Today : देश की राजधानी दिल्ली समेत कई राज्यों में मौसम ने अचानक रुख बदल लिया है। दिल्ली-एनसीआर में बीते 24 घंटों के भीतर न्यूनतम तापमान में 2 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है, हालांकि अधिकतम तापमान में कोई खास बदलाव नहीं देखा गया। मौसम विभाग की मानें तो 31 मई 2025 को दिल्ली में बादल छाए रह सकते हैं। वहीं, पूर्वोत्तर भारत में जोरदार बारिश की संभावना जताई गई है। उत्तर-पश्चिमी क्षेत्रों में भी तेज हवाओं के साथ बारिश की आशंका है।

उत्तर-पश्चिम भारत में मौसम का मिजाज

हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, जम्मू-कश्मीर, पंजाब, चंडीगढ़, दिल्ली और हरियाणा के कई हिस्सों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। इन इलाकों में गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है। इसके अलावा, 2 जून से 5 जून 2025 तक पश्चिमी राजस्थान के कुछ क्षेत्रों में धूल भरी आंधी चल सकती है। हिमाचल प्रदेश में 31 मई से 1 जून के बीच हवाओं की गति 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।

महाराष्ट्र और गोवा में झमाझम बारिश

अगले सात दिनों तक असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, अरुणाचल प्रदेश, मिजोरम और त्रिपुरा सहित पूर्वोत्तर राज्यों में भारी बारिश होने की संभावना है। विशेष रूप से 30 मई से 1 जून के बीच असम और मेघालय के कई हिस्सों में तेज मूसलधार वर्षा हो सकती है। वहीं, महाराष्ट्र और गोवा के कुछ क्षेत्रों में भी 31 मई से 2 जून 2025 के दौरान बारिश की संभावना जताई गई है, जिसमें आकाशीय बिजली गिरने की चेतावनी भी दी गई है।

यह भी पढ़ें : सोने की कीमतों में लगातार पांचवें दिन गिरावट! जानें 30 मई 2025 को आपके…

बिहार, झारखंड और केरल का हाल

पूर्वी और मध्य भारत के राज्य जैसे—बिहार, झारखंड, ओडिशा, पश्चिम बंगाल, मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़—में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। इन इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश होने की उम्मीद है। खासकर छत्तीसगढ़ और मध्य प्रदेश में 31 मई से 2 जून तक हवाओं की गति 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक हो सकती है। वहीं, 1 जून को केरल और कर्नाटक में भी हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना जताई गई है।

Exit mobile version