Site icon News1India

Shravani Mela 2026: देवघर से बासुकीनाथ के बीच शुरू हुई हेलीकॉप्टर सेवा, सिर्फ मिनटों में कर सकेंगे बाबा के दर्शन

राजकीय श्रावणी मेला-2026 के दौरान बाबा बैद्यनाथ धाम आने वाले श्रद्धालुओं के लिए झारखंड सरकार ने बड़ी सुविधा शुरू की है। मंगलवार से देवघर और बासुकीनाथ के बीच विशेष हेलीकॉप्टर सेवा का शुभारंभ कर दिया गया है। इस सेवा के जरिए श्रद्धालु कम समय में बाबा बैद्यनाथ, बासुकीनाथ और त्रिकूट पर्वत का आकाशीय दर्शन कर सकेंगे। सरकार का कहना है कि इसका उद्देश्य यात्रा को अधिक सुरक्षित, तेज और सुविधाजनक बनाना है।

झारखंड फ्लाइंग इंस्टीट्यूट करेगा संचालन

उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी सौरभ कुमार भुवानिया ने बताया कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में मंत्रिमंडल सचिवालय एवं निगरानी विभाग (नागर विमानन) की पहल पर यह सेवा शुरू की गई है। हेलीकॉप्टर सेवा का संचालन झारखंड फ्लाइंग इंस्टीट्यूट द्वारा किया जाएगा। इससे विशेष रूप से बुजुर्ग, दिव्यांग और दूर-दराज से आने वाले श्रद्धालुओं को काफी राहत मिलेगी।

जानिए किराया और यात्रा का समय

देवघर और बासुकीनाथ के बीच 10 मिनट की आकाशीय यात्रा का किराया 2,850 रुपये प्रति व्यक्ति तय किया गया है। वहीं देवघर से त्रिकूट पर्वत के 10 से 15 मिनट के हवाई दर्शन के लिए 3,750 रुपये प्रति व्यक्ति देने होंगे। यदि कोई श्रद्धालु देवघर से बासुकीनाथ की एकतरफा हेलीकॉप्टर यात्रा करना चाहता है, तो इसके लिए 4,500 रुपये प्रति व्यक्ति का शुल्क निर्धारित किया गया है।

ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों तरह से होगी बुकिंग

श्रद्धालु हथगढ़ मैदान स्थित टिकट काउंटर से हेलीकॉप्टर सेवा की बुकिंग करा सकते हैं। इसके अलावा ऑनलाइन बुकिंग की सुविधा भी उपलब्ध है। प्रशासन ने यात्रियों की सहायता के लिए हेल्पलाइन नंबर 9122583111 भी जारी किया है।

सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष जोर

जिला प्रशासन ने हेलीपैड पर सुरक्षा और संचालन से जुड़े सभी मानकों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। प्रशासन का कहना है कि इस सेवा से श्रद्धालुओं का समय बचेगा और वे सुरक्षित तरीके से धार्मिक स्थलों के दर्शन कर सकेंगे।

Exit mobile version