Sunita Williams return अमेरिकी अंतरिक्ष यात्री सुनीता विलियम्स और उनके साथी बुच विल्मोर आखिरकार धरती पर लौट रहे हैं। बीते नौ महीनों से इंटरनेशनल स्पेस स्टेशन (ISS) में फंसे दोनों अंतरिक्ष यात्रियों को स्पेसएक्स के क्रू ड्रैगन यान से वापस लाया जाएगा। नासा ने इसकी पुष्टि कर दी है और पूरी दुनिया उनकी वापसी को लाइव देख सकेगी।
फ्लोरिडा में होगी लैंडिंग
नासा ने बताया है कि स्पेसएक्स क्रू ड्रैगन यान सुनीता और बुच को लेकर अमेरिका के फ्लोरिडा तट पर उतरेगा। यह ऐतिहासिक लैंडिंग मंगलवार शाम 5:57 बजे (भारतीय समयानुसार 19 मार्च, बुधवार तड़के 3:27 बजे) होगी। ISS से ये यान पहले अलग होगा, फिर धीरे-धीरे धरती के वायुमंडल में प्रवेश करेगा और पैराशूट के सहारे समुद्र में लैंड करेगा।
क्यों फंसे थे अंतरिक्ष में
बुच विल्मोर और सुनीता विलियम्स पिछले साल 5 जून को ISS गए थे। उन्हें एक हफ्ते बाद वापस आना था, लेकिन उनके स्टारलाइनर यान में तकनीकी खराबी आ गई। इसमें हीलियम लीक और थ्रस्टर की समस्या थी, जिससे उनकी वापसी संभव नहीं हो सकी। अब स्पेसएक्स क्रू ड्रैगन के जरिए उन्हें सुरक्षित लाने की तैयारी की गई है।
दो अन्य यात्रियों के साथ वापसी
सुनीता और बुच के साथ दो और अंतरिक्ष यात्री भी धरती पर लौटेंगे। नासा के निक हेग और रूस की अंतरिक्ष एजेंसी रोस्कोस्मोस के कॉस्मोनॉट अलेक्जेंडर गोर्बुनोव भी क्रू ड्रैगन यान में वापस आएंगे। ये चारों ISS से अलग होकर सुरक्षित तरीके से पृथ्वी पर उतरेंगे।
लाइव देख सकेंगे लैंडिंग
नासा ने इस ऐतिहासिक वापसी का लाइव प्रसारण करने का फैसला किया है। सोमवार रात 10:45 बजे (भारतीय समयानुसार 18 मार्च सुबह 8:30 बजे) से यह प्रसारण शुरू होगा। इसमें दिखाया जाएगा कि स्पेसएक्स ड्रैगन यान का हैच कैसे बंद किया जाता है और फिर वह ISS से कैसे अलग होता है। लैंडिंग तक यह लाइव स्ट्रीमिंग जारी रहेगी, जिससे लोग इस घटना को घर बैठे देख सकेंगे।
स्पेस में रहते हुए बनाए रिकॉर्ड
सुनीता विलियम्स भारतीय मूल की अमेरिकी अंतरिक्ष यात्री हैं और दुनिया की सबसे अनुभवी अंतरिक्ष यात्रियों में से एक हैं। नौ महीने के लंबे समय तक ISS में रहते हुए उन्होंने कई अहम काम किए और नए रिकॉर्ड भी बनाए। उन्होंने अपने स्पेस मिशन को ‘हैप्पी प्लेस’ बताया था, लेकिन अब वह धरती पर लौटने के लिए तैयार हैं।
नासा की तैयारियां पूरी
नासा के अधिकारी स्टीव स्टिच ने कहा कि बुच और सुनीता ने शानदार काम किया है, और अब उन्हें वापस लाने की पूरी तैयारी कर ली गई है। हालांकि, मेडिकल विशेषज्ञों का मानना है कि इतने लंबे समय तक स्पेस में रहने से उनके शरीर पर असर पड़ सकता है। वापसी के बाद दोनों का मेडिकल टेस्ट किया जाएगा ताकि यह पता चल सके कि उनके स्वास्थ्य पर कोई गंभीर प्रभाव पड़ा है या नहीं।
नौ महीने बाद घर लौटेंगी सुनीता
सुनीता विलियम्स और उनके साथी लंबे समय तक स्पेस में रहने के बाद अब घर लौट रहे हैं। उनकी वापसी के इस ऐतिहासिक पल का पूरी दुनिया इंतजार कर रही है। नासा और स्पेसएक्स की संयुक्त कोशिशों से यह मिशन सफल होने जा रहा है, जिससे भविष्य के अंतरिक्ष अभियानों के लिए भी रास्ता खुलेगा।