Tahawwur Rana: 26/11 मुंबई आतंकी हमले के मुख्य आरोपी तहव्वुर हुसैन राणा को भारत लाने का महत्वपूर्ण दायित्व राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) के दो वरिष्ठ अधिकारियों को सौंपा गया है। इनमें एक इंस्पेक्टर जनरल (IG) रैंक के अधिकारी और एक डिप्टी इंस्पेक्टर जनरल (DIG) रैंक की महिला अधिकारी शामिल हैं जिन्होंने अमेरिका से राणा के प्रत्यर्पण की प्रक्रिया को सफलतापूर्वक पूरा करने में केंद्रीय भूमिका निभाई।
हम बात कर रहे हैं एनआईए के आईजी आशीष बत्रा और डीआईजी जया रॉय की जो इस महत्वपूर्ण मिशन का नेतृत्व कर रहे हैं। एनआईए की यह टीम अमेरिका के साथ प्रत्यर्पण संधियों और कानूनी प्रक्रियाओं के तहत तहव्वुर राणा (Tahawwur Rana) को भारत लाने के लिए लगातार प्रयासरत रही।
कौन हैं 1997 बैच के IPS आशीष बत्रा
1997 बैच के आईपीएस अधिकारी आशीष बत्रा झारखंड कैडर से संबंधित हैं। वह इस समय राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) में इंस्पेक्टर जनरल (IG) के पद पर तैनात हैं। उनकी प्रतिनियुक्ति 2019 में पांच वर्षों के लिए शुरू हुई थी जिसे अब गृह मंत्रालय ने 15 सितंबर 2024 के बाद दो साल के लिए और बढ़ा दिया है। NIA में शामिल होने से पहले बत्रा 20 जनवरी 2018 से झारखंड जगुआर (विशेष नक्सल-विरोधी इकाई) के IG के रूप में कार्यरत थे।
इसके अलावा वह झारखंड पुलिस के प्रवक्ता भी रहे और IG अभियान का अतिरिक्त प्रभार भी संभाला था। अपने करियर के दौरान उन्होंने कई महत्वपूर्ण ऑपरेशनल और प्रशासनिक जिम्मेदारियां निभाई हैं। उनकी पहली पोस्टिंग जहानाबाद में सहायक पुलिस अधीक्षक के रूप में हुई जो तीन महीने तक चली। इसके बाद वे कोयल कारो और हजारीबाग के पुलिस अधीक्षक (SP) रहे। रांची में उन्होंने 19 महीने तक सिटी SP के तौर पर सेवा दी और डेढ़ साल तक राज्यपाल की सुरक्षा में भी तैनात रहे।
यह भी पढ़े: Tahawwur Rana: दिल्ली पहुंचा 26/11 का मास्टरमाइंड तहव्वुर राणा, हाई अलर्ट पर सुरक्षा एजेंसियां
IPS जया रॉय की पहचान बनी मिसाल
2011 बैच की आईपीएस अधिकारी जया रॉय झारखंड कैडर से संबंधित हैं। वह इस समय राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) में डिप्टी इंस्पेक्टर जनरल (DIG) के पद पर तैनात हैं। साल 2019 में उन्हें चार साल के लिए पुलिस अधीक्षक (SP) के रूप में एनआईए में प्रतिनियुक्ति पर भेजा गया था और अब वह एजेंसी में एक वरिष्ठ भूमिका निभा रही हैं।
जया रॉय की सबसे उल्लेखनीय तैनाती जामताड़ा में रही जहां उन्होंने साइबर अपराधियों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई की थी। उनके नेतृत्व में चलाए गए उस अभियान को इतनी प्रसिद्धि मिली कि इसे एक लोकप्रिय वेब सीरीज में भी दर्शाया गया जिसने उनकी कार्यकुशलता और नेतृत्व कौशल को पूरे देश में पहचान दिलाई।