Site icon News1India

नोएडा में जल्द शुरू होगा ओलंपिक सिटी प्रोजेक्ट, 226 गांवों की जमीन मालिकों को मिलेगा मुआवजा

Noida News

Noida News: उत्तर प्रदेश सरकार सड़क परियोजनाओं से लेकर खेल जगत तक प्रदेश के विकास को नई ऊंचाइयों पर ले जाने के लिए तेजी से प्रयासरत है। इसी कड़ी में यूपी को एक बड़ी सौगात मिलने जा रही है। राज्य में जल्द ही 226 गांवों की जमीन पर एक भव्य ओलंपिक सिटी का निर्माण किया जाएगा। दिसंबर में यमुना प्राधिकरण (YEIDA) के मास्टर प्लान-2041 को प्रदेश कैबिनेट की मंजूरी मिलने के बाद ‘ओलंपिक स्पोर्ट्स पार्क’ बनाने की तैयारी शुरू हो गई है।

ओलंपिक स्पोर्ट्स पार्क को इस तरह से डिजाइन किया जाएगा कि इसमें ओलंपिक गेम्स का आयोजन सुगमता से हो सके। यहां ओलंपिक स्तर के स्टेडियम और अन्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। इसके अलावा खिलाड़ियों के ठहरने के लिए लग्जरी रूम भी बनाए जाएंगे। यह स्पोर्ट्स पार्क क्षेत्र के सेक्टर-22F और सेक्टर-23B में स्थित होगा और 52.4 हेक्टेयर के विशाल क्षेत्र में फैला होगा।

नोएडा में जल्द बनेगी ओलंपिक सिटी प्रोजेक्ट

नोएडा (Noida News) के 226 गांवों की जमीन पर ओलंपिक सिटी का निर्माण किया जाएगा जिसके लिए जमीन के मालिकों को उचित मुआवजा दिया जाएगा। परियोजना को तेजी से आगे बढ़ाने के निर्देश जारी किए गए हैं। यमुना अथॉरिटी के अधिकारियों के अनुसार मास्टर प्लान-2041 में ओलंपिक सिटी स्थापित करने का प्रस्ताव प्रमुखता से शामिल किया गया था।

यह भी पढ़े: यूपी में बिजली का नया फॉर्मूला, दिन-रात के हिसाब से बदलेंगे दाम, 20% तक बढ़ सकता है बिल

इस योजना के तहत एक ओलंपिक विलेज बनाने का भी प्रस्ताव है जिसमें 5,000 फ्लैट बनाए जाएंगे। इन फ्लैट्स में 1 बीएचके, 2 बीएचके और 3 बीएचके के आवास उपलब्ध होंगे। इनका उपयोग ओलंपिक गेम्स के दौरान खिलाड़ियों, अधिकारियों और अन्य आगंतुकों के लिए किया जाएगा।

226 गावों की जमीन का होगा अधिग्रहण

ओलंपिक सिटी के निर्माण के लिए गौतमबुद्ध नगर के 131 और बुलंदशहर के 95 गांवों की जमीन का अधिग्रहण किया जाएगा। इस प्रकार, दोनों जिलों के कुल 226 गांवों को मिलाकर मास्टर प्लान तैयार किया गया है। प्रारंभिक योजना में 171 गांव शामिल किए गए थे लेकिन अब इस संख्या को बढ़ाकर 226 कर दिया गया है। यह योजना क्षेत्र के विकास को गति देने और ओलंपिक जैसी बड़ी परियोजनाओं को सफलतापूर्वक आयोजित करने के उद्देश्य से बनाई गई है।

Exit mobile version