कभी अमरोहा, तो कभी गाजीपुर… यूपी में आई फर्जी दरोगाओं की बाढ़, नकली वर्दी पहनकर पुलिस को ही बनाते थे शिकार

यूपी में मानो फर्जी दरोगाओं की बाढ़ आ गई हो। कभी मेरठ तो कभी फिरोजाबाद, कभी इटावा तो कभी गोंडा, एक के बाद एक बदमाशों के नए किस्से सामने आ रहे है या कहें फर्जी दरोगा सामने आ रहे हैं। ताजा मामले प्रदेश के गाजीपुर और अमरोहा का है। जहां एक के बाद एक दो फर्जी दरोगा पुलिस के हत्थे चढ़ गए।

पहला मामला

वहीं पहला मामला अमरोहा से है। जहां पुलिस ने फर्जी दरोगा को गिरफ्तार किया है। मिली जानकारी के अनुसार आरोपी फर्जी दरोगा बनकर लोगों के साथ धोखाधड़ी करता था। वह फर्जी दरोगा बनकर महिलाओं को लोन दिलाने के नाम पर ठगी करता था।

वह पुलिस की वर्दी पहन कर पुलिस पर ही रौब जमाता था। फिलहाल पुलिस ने शख्स को पकड़ कर उसके खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। आरोपी युवक नगर कोतवाली इलाके के बटवाल का रहने वाला है।

दूसरा मामला

दूसरा मामला यूपी के गाजीपुर का है। जहां दुल्लहपुर पुलिस ने फर्जी दरोगा को रौब जमाते हुए पकड़ा है। आरोपी पुलिस की वर्दी पहनकर लोगों से वसूली करने के साथ-साथ अन्य गैरकानूनी काम करता था।

आरोपी संजय कुमार पुत्र स्व. हरिकिशुन मरदह थाना क्षेत्र के घरिहां गांव रहने वाला है। वह दरोगा की वर्दी पहन कर पुलिस को ही निशाना बनाता था। संजय कुमार तीसरी बार पुलिस के हत्थे चढ़ा है। इसके बाद एसपी गाजीपुर ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर फर्जी दरोगा को जेल भेज दिया है।

इससे पहले भी पुलिस के हत्थे चढ़ चुका है आरोपी

इससे पहले संजय कुमार को सादात थाना क्षेत्र के कटयां गांव से गिरफ्तार किया गया था। वह किसी युवती से फोन पर बात करते हुए कटयां गांव पहुंचा था। जहां गांव वालों ने उसे मारने के लिए घेर लिया था। तभी सूचना पर पहुंची सादात पुलिस उसे थाने लेकर आई और जब उससे दरोगा होने के बारे में पुछा गया तो वह कोई दस्तावेज पेश नहीं कर पाया। वह एक बार फिर दुल्लहपुर पुलिस के हत्थे चढ़ गया है। फिलहाल पुलिस अधिकारी उससे पूछताछ कर रही हैं।

Exit mobile version