इस बार का स्वतंत्रता दिवस कई मायने में खास है। इस स्वतंत्रता दिवस के साथ ही देश अपनी आजादी के 75 वर्ष पूरे कर रहा है। देशभर में ‘आजादी का अमृत महोत्सव’ मनाया जा रहा है। इसी के साथ स्वतंत्रता दिवस की बधाई का सिलसिला भी शुरू हो गया है। इस बीच भारतीय पुरुष और महिला हॉकी टीम के खिलाड़ियों ने आजादी के इस पर्व की देशवासियों को बधाई दी है।

हॉकी इंडिया की ओर से रविवार को जारी विशेष संदेश में भारतीय पुरुष हॉकी टीम के कप्तान मनप्रीत सिंह ने कहा, मैं अपने देश के सभी नागरिकों को स्वतंत्रता दिवस की बहुत-बहुत बधाई देता हूं। यह हमारे लिए और भी खास है क्योंकि यह हमारा 75वां स्वतंत्रता दिवस है। हम एक राष्ट्र के रूप में और विशेष रूप से खेल के क्षेत्र में काफी आगे बढ़े हैं। हम सही दिशा में आगे बढ़ रहे हैं।
भारतीय महिला हॉकी टीम की कप्तान सविता पुनिया ने भी सभी लोगों को स्वतंत्रता दिवस की बधाई दी। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता के 75 वर्ष पूरे करना हमारे लिए बड़े सम्मान और गर्व की बात है। मैं सभी देशवाशियों को स्वतंत्रता दिवस की बधाई देती हूं। मुझे आशा है कि आप इस दिन का आनंद लेंगे। हमने पिछले कुछ वर्षों में खेलों में बहुत अच्छा प्रदर्शन किया है। मुझे यकीन है कि हम यहां से और मजबूत होंगे।
भारतीय पुरुष हॉकी टीम के डिफेंडर हरमनप्रीत सिंह ने कहा कि पिछले कुछ वर्षों में एक राष्ट्र के रूप में हमारे विकास को देखना बिल्कुल शानदार रहा है और मैं यह देखने के लिए उत्सुक हूं कि हम भविष्य में कितनी दूर जा सकते हैं। हमने हर क्षेत्र में जो दृढ़ संकल्प और दृढ़ता दिखाई है, वह अद्भुत है। मैं सभी नागरिकों को स्वतंत्रता दिवस की बहुत-बहुत बधाई देता हूं।
भारतीय पुरुष हॉकी टीम के गोलकीपर पीआर श्रीजेश ने कहा कि अपने देश के लिए खेलने से बड़ा कोई गौरव नहीं है और इसलिए स्वतंत्रता दिवस हमेशा मेरे लिए खास होता है। हमारे देश के नागरिकों ने भारत को सभी क्षेत्रों में ऊंचाइयों तक ले जाने के लिए अथक प्रयास किया है। इस यात्रा का एक छोटा सा हिस्सा बनना वास्तव में शानदार रहा है। मैं इस स्वतंत्रता दिवस पर सबकी खुशी की कामना करता हूं।
भारतीय महिला हॉकी टीम की फॉरवर्ड वंदना कटारिया ने कहा कि यह हम सभी के लिए एक विशेष दिन है क्योंकि भारत ने स्वतंत्रता के 75 वर्ष पूरे कर लिए हैं। उन्होंने कहा कि जिस तरह से हमारे देश ने पिछले कुछ वर्षों में तेजी से विकास किया है, उस पर मुझे बहुत गर्व महसूस होता है। खेल के मैदान पर भी हमारा विकास बहुत शानदार रहा है।
भारतीय महिला हॉकी टीम की मिडफील्डर सलीमा टेटे ने भी सभी लोगों को स्वतंत्रता दिवस की बधाई दी है। उन्होंने कहा कि हम पिछले 75 वर्षों में एक राष्ट्र के रूप में तेजी से विकसित हुए हैं। हमें अपने राष्ट्र को और भी बड़ा बनाने के लिए कड़ी मेहनत करनी होगी।